कलयुगी मां ने ढाई साल की बेटी को गला घोंट मार दिया
क्राइम
16-Jan-26
चांद पुलिस ने किया खुलासा
छिंदवाड़ा
दस जनवरी की रात एक मां की ममता कलंकित हो गई जब एक मां ने अपनी ढाई साल की बच्ची की गला घोंट कर हत्या कर दी। पुलिस जांच में मामले का खुलासा हुआ। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया है।
ग्राम परसगांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपनी ढाई वर्षीय मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। रामदास चौरिया निवासी परसगांव ने थाना चांद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी ढाई साल की बेटी मंजिता चौरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मामले की जांच में बच्ची की मौत गला घोंटने से होना पाई गई। संदेह के आधार पर पूछताछ करने पर मां संगीता चौरिया (35) ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि बच्ची के लगातार परेशान करने से तनाव और गुस्से में आकर उसने रुमाल से गला घोंटकर एवं हाथ से दबाकर हत्या कर दी। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक ललित बैरागी, उनि सावनलाल भलावी, आरक्षक विवेक बघेल, संदीप बघेल, महिला आरक्षक सोनम बघेल एवं सोनू सनोडिया की अहम भूमिका रही।