भाजपा कार्यालय में मीडिया, सोशल मीडिया एवं आईटी की संयुक्त बैठक
राजनीति
12-Jun-26
संचार माध्यमों को बूथ स्तर तक सशक्त बनाएं: आदित्य बबला शुक्ला
छिंदवाड़ा
भाजपा कार्यालय में मीडिया विभाग, सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों तथा संचार माध्यमों के प्रभावी उपयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में संचार माध्यमों के जरिए बहुत कम समय में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी के रूप में तीन अलग-अलग विभागों का गठन किया है, लेकिन तीनों विभाग एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया, सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग को शक्तिकेंद्रों और बूथ स्तर तक सक्रिय एवं सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया संगठन की विचारधारा तथा जनहितकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सकारात्मक, तथ्यपरक एवं प्रभावी संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
बैठक को जिला महामंत्री कमलेश उईके एवं जिला सोशल मीडिया संयोजक पीयूष बत्रा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन की विचारधारा तथा पार्टी की उपलब्धियों को मीडिया, सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने पर बल दिया।
बैठक में सोशल मीडिया जिला सह-संयोजक पवन गोस्वामी, अमन शुक्ला, राहुल शर्मा, मीडिया विभाग से रोशन सिंगनापुरे, जिला आईटी विभाग से गोविंद धनताले तथा सोशल मीडिया जिला कार्यकारिणी सदस्य सुदेश नागवंशी एवं आयुष चौरसिया सहित अपेक्षित पदाधिकारी उपस्थित रहे।