कांग्रेस का “नारी सम्मान” केवल नारा, आचरण में महिला विरोधी: ललिता वर्मा
राजनीति
12-Jun-26
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने ललिता वर्मा ने की प्रेस कांफ्रेस
छिंदवाड़ा
राज्य सभा के लिए हाल ही में हुए निर्वाचन में भाजपा के तीन प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त को लेकर कांग्रेस इसे नारी सम्मान का मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है। इसे लेकर आज भाजपा कार्यालय में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती ललिता वर्मा ने प्रेस कांफ्रेस की। उन्होंने कहा कि राज्यसभा निर्वाचन में मध्यप्रदेश की तीनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन के बाद कांग्रेस, सुश्री मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने को “नारी सम्मान” का मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है। जबकि सच्चाई यह है कि यह मामला किसी महिला के साथ अन्याय का नहीं, बल्कि नामांकन पत्र में महत्वपूर्ण तथ्य छिपाने का है।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस नेता कुंभम शिवकुमार रेड्डी पर एक महिला कार्यकर्ता ने शादी का झांसा देकर शोषण, ब्लैकमेल और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत और प्रकरण दर्ज होने के बाद तत्कालीन तेलंगाना प्रभारी मीनाक्षी नटराजन की भूमिका को लेकर भी प्रश्न उठे तथा उनका नाम भी अपराध पंजीयन में सामने आया।
महिला सम्मान पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र
कांग्रेस को महिला सम्मान पर उपदेश देने से पहले अपने नेताओं और उनके बयानों का इतिहास देखना चाहिए। मध्यप्रदेश सहित देशभर में कांग्रेस नेताओं द्वारा महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियों और व्यवहार के अनेक उदाहरण सामने आए हैं। यह वही कांग्रेस है जिसके नेता महिलाओं के सम्मान पर लगातार विवादित बयान देते रहे हैं। महिला उत्पीड़न, असम्मानजनक टिप्पणियां और शिकायतों की अनदेखी कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन चुकी है। जो महिलाएं इस संस्कृति का विरोध करती हैं, उन्हें अक्सर संगठन छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
कांग्रेस को नारी सम्मान पर राजनीतिक नाटक करने के बजाय देश और प्रदेश की महिलाओं को यह बताना चाहिए कि उनकी शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई और जवाबदेही तय क्यों नहीं की गई। यही कारण है कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना केवल एक चुनावी घटना नहीं, बल्कि कांग्रेस के दोहरे चरित्र, उसकी जवाबदेही और महिला सम्मान के प्रति उसके वास्तविक दृष्टिकोण पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।