Home News Helpline Classified Jobs About Contact

इस्कॉन मंदिर में मनेगी भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

इस्कॉन मंदिर में मनेगी भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
धर्म
03-Sep-26
भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्योत्सव, नंदोत्सव एवं श्रील प्रभुपाद जी का 130वाँ आविर्भाव तिथि महोत्सव होगा आयोजित

छिंदवाड़ा

प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी इस्कॉन छिंदवाड़ा द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन बड़े ही श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ किया जा रहा है। इस वर्ष यह भव्य आयोजन पंचेश्वर हनुमान मंदिर के ऊपर, गांधीगंज, छिंदवाड़ा में किया जाएगा।

इस्कॉन छिंदवाड़ा की ओर से सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, भक्तों एवं श्रद्धालुओं को सपरिवार इस पावन महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया गया है। भक्तगण प्रातःकालीन मंगल आरती से लेकर रात्रि की महाआरती एवं महाप्रसाद तक आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण की कृपा के पात्र बन सकते हैं। इस वर्ष के जन्माष्टमी महोत्सव की विशेष व्यवस्था एवं आयोजन उज्जैन मंदिर के वरिष्ठ भक्त एवं वरिष्ठ ब्रह्मचारी परम पूज्य श्री शुभ मंगल माधव दास प्रभुजी के मार्गदर्शन एवं देखरेख में किया जा रहा है। महोत्सव में विशेष कीर्तन, बच्चों द्वारा नगर संकीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण, महा-अभिषेक, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कथा, महाआरती तथा भव्य महाप्रसाद मुख्य आकर्षण होंगे।

इस प्रकार रहेंगे कार्यक्रम

4 सिंतबर शुक्रवार को सुबह 5 बजे मंगल आरती, 7.30 बजे दर्शन आरती और सुबह 9 बजे श्रीमदभागवतम कक्षा का आयोजन होगा। संध्या 4 बजे बच्चों द्वारा नगर संकीर्तन, 5 बजे कीर्तन मेला, 7 बजे गौर आरती, 7.30 बजे बच्चों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं क्विज प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण, रात 8 बजे महा-अभिषेक प्रारंभ, रात 10 बजे जन्माष्टमी कथा, रात 11 बजे महाआरती होगी। तत्पश्चात् भव्य महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा।

5 सितंबर शनिवार को श्री नंदोत्सव एवं श्रील प्रभुपाद जी का 130वाँ आविर्भाव तिथि महोत्सव मनेगा जिसमें प्रातः 5 बजे मंगल आरती, प्रातः 7.30 बजे दर्शन आरती, 9 बजे विशेष कीर्तन, प्रातः 10 बजे विशेष कक्षा, 11 बजे महाआरती एवं पुष्पांजलि का कार्यक्रम होगा। तत्पश्चात् महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।

इस्कॉन छिंदवाड़ा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पंचेश्वर हनुमान मंदिर के ऊपर, लाइब्रेरी के पास, गांधीगंज, छिंदवाड़ा में अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्मोत्सव, हरिनाम संकीर्तन एवं महाप्रसाद का आनंद लें।

Share News On