इस्कॉन का गौर पूर्णिमा कार्यक्रम 3 मार्च मंगलवार को
धर्म
02-Mar-26
चैतन्य महाप्रभु का प्राकट्य उत्सव एवं मनेगी फूलों की होली
छिंदवाड़ा
गांधीगंज स्थित इस्कॉन में 03 मार्च, मंगलवार को गौड़ीय वैष्णव के परम आराध्य एवं राधाकृष्ण के संयुक्त रूप श्री चैतन्य महाप्रभु का प्राकट्य उत्सव एवं फूलों की होली मनायी जायेगी। ज्ञात हो कि आज से 540 वर्ष पूर्व फाल्गुन माह की पूर्णिमा पर श्री राधाकृष्ण के संयुक्त रूप श्री कृष्ण चैतन्य महाप्रभु का प्राकट्य चंद्रग्रहण के बाद जब सारा जगत हरि बोल हरि बोल कह रहा था तब हुआ। 540 वर्ष बाद इस वर्ष भी वही शुभ नक्षत्र एवं चंद्रग्रहण का सहयोग है।

श्री गौरांग महाप्रभु जिन्होंने पूरे विश्व में शुद्ध भक्ति की धारा प्रवाह किया है उनका भव्य प्राकट्योत्सव आज शाम को चंद्रग्रहण के पश्चात किया जाएगा। प्रातः काल में मंगला आरती एवं सोनार गौरांग महाप्रभु सुंदर श्रृंगार दर्शन होंगे ओर दिन भर शुभ हरिनाम संकीर्तन होगा। चंद्रग्रहण के पश्चात इस्कॉन छिंदवाड़ा गांधीगंज के मूल विग्रह श्री गौरांग महाप्रभु एवं नित्यानंद प्रभु का महाभिषेक होगा। ब्रह्म मध्व गौड़ीय वैष्णव संप्रदाय के त्रिदंडी संन्यासी श्री श्रीमद् भक्ति प्रेम स्वामी महाराज जी श्री गौरांग महाप्रभु के जन्म की कथा एवं लीलाओं का वर्णन करेंगे तत्पश्चात महाआरती एवं भव्य फूलों की होली खेली जावेगी। इस्कॉन छिंदवाड़ा ने समस्त नगरवासियों से इस अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की।