Home News Helpline Classified Jobs About Contact

फिल्मी मंचों से नहीं, सुशासन से आता है निवेश: शेषराव यादव

फिल्मी मंचों से नहीं, सुशासन से आता है निवेश: शेषराव यादव
राजनीति
22-Jul-26
आंकड़ों पर भ्रम फैलाने से युवाओं का भविष्य नहीं बनता

छिंदवाड़ा

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा प्रदेश में स्नातक बेरोजगारों की संख्या को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि चिंता व्यक्त करना आसान है, लेकिन समाधान देना ही सुशासन की पहचान है। भाजपा की सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि कमलनाथ जी को पहले अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का मूल्यांकन करना चाहिए। यदि उन्होंने अपने शासनकाल में उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में प्रभावी एवं स्थायी कार्य किए होते तो आज इस प्रकार के आरोप लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि निवेश केवल बड़े-बड़े दावों, फिल्मी आयोजनों या मंचों पर हीरो-हीरोइनों के साथ फोटो खिंचवाने और प्रचार करने से नहीं आता। निवेशकों का विश्वास सुशासन, पारदर्शी नीतियों, मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतर आधारभूत संरचना और उद्योग-अनुकूल वातावरण से बनता है। यदि केवल ऐसे आयोजनों से निवेश आता, तो कमलनाथ जी के कार्यकाल में मध्यप्रदेश उद्योग और रोजगार का सबसे बड़ा केंद्र बन गया होता।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास, स्टार्टअप, एमएसएमई, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट तथा नई औद्योगिक नीतियों के माध्यम से प्रदेश में निवेश का अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। प्रदेश विकास और रोजगार की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है और कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को जनता भली-भांति समझ चुकी है।
Share News On