अवैध उत्खनन पर रोक और लापरवाह पटवारियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
छिंदवाड़ा
16-Jul-26
कलेक्टर ने ली सभाकक्ष में समीक्षा बैठक

छिन्दवाडा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने गुरुवार को जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों की प्रगति का विस्तृत परीक्षण किया। बैठक में सीमांकन, नामांतरण, राजस्व वसूली, अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कार्रवाई, फॉर्मर रजिस्ट्री तथा सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अवैध उत्खनन पर सख्ती से लगाए रोक
राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने नवागत जिला खनिज अधिकारी को राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सतत संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित अभियान चलाया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लापरवाह पटवारियों पर करें कार्रवाई
फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने कार्य में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तहसीलदार प्रतिदिन अपने क्षेत्र के पटवारियों को दिए गए लक्ष्य एवं उनकी प्रगति की समीक्षा करें। जिन पटवारियों द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य समय पर पूर्ण हो सके।
सीएम हेल्पलाईन पर त्वरित निराकरण करें अधिकारी
कलेक्टर श्री नारायन ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को विभागीय ग्रेडिंग जारी होना है, इसलिए शेष दिनों में सभी अधिकारी विशेष अभियान चलाकर लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, जिससे जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।
सर्पदंश से जान बचाने वाले अधिकारियों का किया सम्मान
बैठक के दौरान सर्पदंश से बचाव एवं त्वरित उपचार के संबंध में पशुपालन विभाग के डॉ. मेश्राम ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। साथ ही कलेक्टर श्री नारायन ने हर्रई तहसील के ग्राम नांदना में सर्पदंश पीड़ित की जान बचाने में सराहनीय भूमिका निभाने वाले तहसीलदार हर्रई श्री मलय वाजपेयी, हल्का पटवारी श्री आनंद मोहन पटेल एवं पटवारी श्री रोहित सिंह कौरव को शॉल देकर सम्मानित किया।
बैठक में अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, जिला मुख्यालय के सभी संयुक्त कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टर, जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला खनिज अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।