पॉलीटेक्निक विद्यार्थियों को दी अग्निवीर योजना दी जानकारी
शिक्षा
19-Nov-26
छिंदवाड़ा अपडेट

शासकीय इंदिरा गांधी पॉलीटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में विद्यार्थियों को भारतीय सेना में करियर बनाने एवं अग्निवीर योजना के माध्यम से देश सेवा के अवसरों से अवगत कराने के उद्देश्य से विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भोपाल से पधारे मेजर जोगिंदर सिंह एवं एनसीसी कमांडर श्री बत्रा ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया, अग्निवीर योजना एवं सैन्य जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
मेजर जोगिंदर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना में शामिल होना केवल एक करियर विकल्प नहीं, बल्कि देश के प्रति त्याग, समर्पण, अनुशासन एवं शौर्य का प्रतीक है। अग्निवीर योजना युवाओं को कम आयु में सेना में सेवा करने का अवसर प्रदान करती है, साथ ही उनके भविष्य को सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने भारतीय सेना की व्यावसायिक दक्षता, आधुनिक तकनीक एवं देश की सुरक्षा में सेना के योगदान पर प्रकाश डाला।
विद्यार्थियों को अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, ऑनलाइन पंजीकरण एवं परीक्षा संबंधी जानकारी देते हुए आगामी भर्ती प्रक्रिया के लिए फरवरी-मार्च में ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कर परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने युवाओं से सेना को अपने करियर के रूप में चुनकर देश की सेवा करने का आह्वान किया।
एनसीसी कमांडर श्री ब्रह्मेश्वर ने कहा कि सामान्यतः 17 वर्ष की आयु में अन्य शासकीय सेवाओं में प्रवेश के अवसर सीमित होते हैं, जबकि भारतीय सेना युवाओं को कम आयु में सेवा का अवसर प्रदान करती है। सेना में सेवा करने से अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है। संस्था के प्राचार्य डॉ. आलोक कुमार यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि अनुशासन जीवन में सर्वाेपरि है। देश की रक्षा के लिए विपरीत परिस्थितियों में भी तत्पर रहने वाले सैनिक हमारे वास्तविक हीरो हैं। हमें उनके त्याग, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा की भावना का सदैव सम्मान एवं स्मरण करना चाहिए।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती नीलम खासकलम ने किया तथा आभार प्रदर्शन राकेश कुमार कावरे द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्रीमती ओम कटकवार, श्रीमती शाहिस्ता अंसारी, कु. आकांक्षा बुनकर, श्रीमती ममता बघेल, श्रीमती स्वाति चौरसिया एवं श्रीमती शैली कराड़े सहित महाविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर भारतीय सेना एवं अग्निवीर योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।