कोटलबर्री स्कूल में विद्यार्थियों को दी पाक्सो एक्ट की जानकारी
शिक्षा
19-Nov-26
मिशन वात्सल्य के तहत बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

छिंदवाड़ा अपडेट
मिशन वात्सल्य के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटलबर्री में बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य बलराम धृतलहरे की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों बताया गया कि पॉक्सो एक्ट (2012) की जानकारी के अभाव में अपराधों के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। इसलिए प्रत्येक छात्र को पॉक्सो एक्ट की समुचित जानकारी होना आवश्यक है, जिससे वे स्वयं को सुरक्षित रख सकें। नाबालिग बच्चों के प्रति लैंगिक शोषण के मामलों में 18 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम आयु के लोगों की संलिप्तता बढ़ना गंभीर विषय है। साथ ही नशे की प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों में अपराध करने की घटनाएं अधिक देखी जा रही हैं, ऐसे में सभी को नशे से दूर रहना चाहिए।
सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर बरतें सतर्कता
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि बालिकाओं के साथ छेड़खानी, पीछा करना, अनुचित मजाक, घरों में ताक-झांक, फोटो या वीडियो वायरल करना तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों, यात्री बसों, ट्रेनों, घरों या स्कूल परिसर में की जाने वाली किसी भी प्रकार की अनुचित शरारत भी अपराध है। विद्यार्थियों को बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय अधिनियम तथा प्रदेश में नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी और बढ़ते अपराधों की स्थिति से भी अवगत कराया गया।
आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क
कार्यक्रम में किसी भी महिला या बालक के साथ होने वाले शोषण या आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए निःशुल्क हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। बताया गया कि संकट की स्थिति में पुलिस डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1090 या राष्ट्रीय महिला आयोग हेल्पलाइन-14490 पर कॉल किया जा सकता है। आयोजन को सफल बनाने में प्राचार्य बलराम धृतलहरे,, शिक्षक मोहम्मद जिया कुरैशी, अरबाद अहमद, सीमा वर्मा, शोभा चौरसिया, प्रदीप सोनी, पर्यवेक्षक संध्या पाल तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ममता इंदोरकर व सूर्यकांता इंदोरकर का सराहनीय सहयोग रहा।