बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलावाने निकाली समान शिक्षा जन यात्रा
शिक्षा
19-Nov-26
बच्चों के बेहतर भविष्य और सरकारी स्कूलों को सशक्त बनाने प्रदेश स्तरीय अभियान

छिंदवाड़ा अपउेट
हर बच्चे को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएँ एवं समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में निकाली जा रही समान शिक्षा जन यात्रा छिंदवाड़ा पहुंची। 19 नवंबर को यह यात्रा दोपहर 3 बजे जिला शिक्षा कार्यालय प्रागंण से शुरू होकर शाम 5 बजे पोला ग्राउंड पहुंची जहां उपस्थित लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। अनेक सामाजिक, शैक्षणिक एवं अन्य स्थानीय संस्थाओं ने इस पहल को अपना समर्थन दिया है। राष्ट्रीय समान शिक्षा जन समिति के संयोजक और पूर्व आईएएस समान शेखर ने बताया कि जनयात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नागरिकों से संवाद किया। इसके बाद पोला ग्राउंड में सार्वजनिक जनसंवाद का आयोजित किया गया जिसमें शिक्षा की वर्तमान चुनौतियों, सरकारी स्कूलों की स्थिति और उन्हें बेहतर बनाने में समाज की भूमिका पर चर्चा की गई।
पाँच घटकों की साझा जिम्मेदारी का संदेश
समान शेखर ने बताया कि कि समान शिक्षा जन यात्रा का मूल विचार है कि प्रत्येक बच्चे में असीम संभावनाएँ हैं और उन संभावनाओं को विकसित करने के लिए उसे समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना आवश्यक है। शिक्षा में व्याप्त असमानता को दूर करने के लिए अभिभावक, शिक्षक, विद्यार्थी, प्रशासन और सरकार इन पाँचों घटकों को मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी के विरोध या आरोप-प्रत्यारोप का अभियान नहीं, बल्कि समाज को साथ लेकर सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने और शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित करने का सकारात्मक जनप्रयास है।
नागरिकों से अपील
समान शिक्षा जन समिति और समान शिक्षा प्रेरकों ने छिंदवाड़ा के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, बुद्धिजीवियों और समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनयात्रा के साथ जुड़कर शिक्षा व्यवस्था में बेहतर बदलाव में अपनी भूमिका निभाए। आयोजकों ने कहा कि यह पहल हमारे बच्चों के भविष्य से जुड़ी है। सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाना और हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना केवल सरकार की नहीं, हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।