Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

नए वर्ष में द्वारका-सोमनाथ और काशी-अयोध्या के दर्शन कराएगी तीर्थ दर्शन योजना

नए वर्ष में द्वारका-सोमनाथ और काशी-अयोध्या के दर्शन कराएगी तीर्थ दर्शन योजना
धर्म
08-Dec-25
24 जनवरी तक द्वारका-सोमनाथ और 14 मार्च तक काशी-अयोध्या के लिए होंगे रजिस्ट्रेशन

छिंदवाड़ा

तीर्थ यात्रा के उत्सुक बुजुर्गों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026 के प्रथम माह जनवरी में द्वारका और सोमनाथ दर्शन के लिए आवेदन बुलाए जा रहे हैं। इसके अलावा काशी और अयोध्या के दर्शन करने वाले 14 मार्च तक ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन कर अपनी सीट पक्की कर सकते हैं। 


कब जाएगी तीर्थ यात्रा ट्रेन

द्वारका और सोमनाथ दर्शन के लिए पहली यात्रा ट्रेन 9 से 15 फरवरी तक और दूसरी यात्रा काशी व अयोध्या के लिए 30 मार्च से 4 अपै्रल 2026 को जाएगी।

कौन कर सकते हैं आवेदन

कलेक्टर हरेन्द्र नारायण ने बताया कि 60 वर्ष या उससे अधिक के पुरूष इसी तरह 58 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा के लिए आवेदन कर सकती है लेकिन आयकरदाता बुजुर्ग यात्रा के अपात्र है। पति-पत्नी में से किसी की पात्रता पर दूसरा भी यात्रा कर सकता है। पहले यात्रा कर चुके वरिष्ठजन 5 वर्ष फिर से यात्रा के लिए पात्र माने जाएंगे। 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग, 65 वर्ष से अधिक आयु के अकेले यात्री और वृद्ध दंपती अपने साथ सहायक ले जा सकेंगे। सहायक की आयु 18 से 50 वर्ष होनी चाहिए। 

कितने लोग जा सकेंगे

दोनों यात्राओं के लिए प्रशासन ने 250-250 वृद्धजनों का कोटा जारी किया है। अधिक आवेदन मिलने पर कम्प्यूटराईज्ड लॉटरी से चयन होगा। 

कैसे करें आवेदन

आवेदक अपना फार्म समग्र आईडी, आधार कार्ड और डॉक्टर फिटनेस प्रमाण पत्र के साथ नगर निगम, नगरीय निकाय या जनपद पंचायत में जमा कर सकते हैं। समूह में जाने के इच्छुक 25 लोग आवेदन कर सकते हैं।

यात्रा प्रारंभ स्थान और वापसी

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन के लिए जाने वाली ट्रेन छिंदवाड़ा प्लेटफार्म से निर्धारित तिथि को प्रस्थान करेगी एवं निर्धारित तिथि को वापसी भी इसी प्लेटफार्म पर होगी। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों को आवेदन की सुनिश्चित जांच, दस्तावेजों की पुष्टि करने के निर्देश दिए हैं।
Share News On