कम्प्यूटर दक्षता प्रशिक्षण से कौशल विकास को मिल रही नई दिशा
शिक्षा
10-Sep-26
30 दिवसीय कम्प्यूटर दक्षता प्रशिक्षण कार्यक्रम, 40 प्रशिक्षणार्थी ले रहे भाग

छिन्दवाडा
युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में शासकीय महाविद्यालय तामिया द्वारा पहल की गई है। महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए 30 दिवसीय कम्प्यूटर दक्षता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 40 प्रशिक्षणार्थी विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय नावरे के मार्गदर्शन एवं स्वामी विवेकानंद करियर प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. मनिंदर भाटिया के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कम्प्यूटर के बुनियादी संचालन से लेकर आधुनिक सॉफ्टवेयर के उपयोग तक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को इंटरनेट, ई-मेल, एमएस ऑफिस सहित अन्य आवश्यक तकनीकी कौशलों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया जा रहा है।
प्राचार्य डॉ. अजय नावरे ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ कम्प्यूटर एवं तकनीकी ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक हो गया है। कम्प्यूटर दक्षता विद्यार्थियों को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में, श्री विजय सिंह सिरसाम, माधविका उइके, निरंजन सिंह राजपूत एवं डॉ. दिनेश ढाकरिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।