पोला पर्व के मद्देनजर आबकारी विभाग की कार्रवाई
छिंदवाड़ा
10-Sep-26
अवैध शराब परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार
52.56 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त

छिन्दवाडा
निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त क्रमांक-1 की टीम ने मध्यरात्रि में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विदेशी मदिरा का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को पकड़ा। 09 एवं 10 सितंबर की दरमियानी रात सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम द्वारा छिंदवाड़ा बायपास के पास करीरात मोक्षधाम रोड पर एक मोटरसाइकिल क्रमांक एम.पी. 28 एम.क्यू. 5096 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से 292 पाव ऑफिसर चॉइस विदेशी मदिरा बरामद हुई। प्रत्येक पाव में 180 एम.एल. के हिसाब से कुल 52.56 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त की गई।
मामले में आरोपी अर्जुन पिता रंगलाल इनवाती, उम्र 18 वर्ष, निवासी बिसनपुर, थाना बिछुआ तथा अजय पिता राजकुमार इनवाती, उम्र 25 वर्ष, निवासी बिसनपुर के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। कार्रवाई उपरांत दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सीजेएम न्यायालय छिंदवाड़ा के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को 14 दिवस की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री जी.एल. मरावी, आबकारी उपनिरीक्षक श्री हर्ष सोनी एवं आबकारी आरक्षक श्री राजकुमार सैयाम उपस्थित रहे।