शैक्षणिक गुणवत्ता, नामांकन और अपार आईडी की कलेक्टर ने ली जानकारी
छिंदवाड़ा
10-Sep-26
शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केंद्र एवं जनजातीय कार्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक

छिन्दवाडा
जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने गुरुवार को शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केंद्र एवं जनजातीय कार्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में ली। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जे के इड़पाचे सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के संबंधित सभी अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री नारायन ने जिले में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण, अपार आईडी निर्माण, सीएम हेल्पलाइन तथा नीट परीक्षा परिणाम सहित विभिन्न बिंदुओं की विकासखंडवार विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कम नामांकन वाले विद्यालयों की विशेष निगरानी के निर्देश
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने कक्षा पहली से आठवीं तक विद्यार्थियों के नामांकन की समीक्षा करते हुए कम नामांकन वाले विद्यालयों की जानकारी ली। उन्होंने कम नामांकन वाले विद्यालयों में विशेष ध्यान देते हुए नामांकन बढ़ाने तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन एवं उपस्थिति की नियमित समीक्षा की जाए तथा कम प्रगति वाले विद्यालयों में आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। समीक्षा के दौरान परासिया बीआरसी एवं जुन्नारदेव बीआरसी की अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित बीआरसी के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
पाठ्यपुस्तक वितरण कार्य की हुई समीक्षा
कलेक्टर ने जिले में विद्यार्थियों को वितरित की जा रही पाठ्यपुस्तकों की विकासखंडवार समीक्षा की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि पाठ्यपुस्तक वितरण की स्वयं नियमित मॉनिटरिंग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी आवश्यकतानुसार पूर्ण पाठ्यपुस्तकें समय पर प्राप्त हों। तामिया विकासखंड में पाठ्यपुस्तकों का पूर्ण वितरण नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि जब तक विकासखंड में पाठ्यपुस्तकों का पूर्ण वितरण सुनिश्चित नहीं हो जाता, तब तक संबंधित बीईओ के वेतन के संबंध में आवश्यक रोक की कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विकासखंडों में पाठ्यपुस्तकों की कमी है, वहां ऐसे विकासखंडों से तत्काल पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं, जहां पुस्तकें अधिशेष मात्रा में उपलब्ध हैं। इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी नहीं करने के निर्देश दिए गए। जिन विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण पूर्ण हो चुका है, वहां संबंधित संकुल प्राचार्य से प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
अपार आईडी एन्ट्री में 95 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
बैठक में विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण में प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विकासखंडों में अपार आईडी एन्ट्री की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक से पहले सभी विकासखंडों में कम से कम 95 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विद्यालय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग एवं आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यालय में निवास सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने बैठक में बीईओ, बीआरसी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के मुख्यालय में निवास की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने निर्धारित मुख्यालय में निवास कर विभागीय दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। जो अधिकारी मुख्यालय में निवास नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा मुख्यालय में निवास की व्यवस्था होने तक वेतन रोकने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
नीट एवं जेईई परिणाम एवं चयन की समीक्षा
बैठक में जिले के विद्यार्थियों के नीट एवं जेईई परीक्षा परिणाम एवं चयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर यह चिन्हित करें कि जिन बच्चों का चयन नहीं हुआ, उसके पीछे के कारण क्या थे और उन कारणों को कैसे दूर किया जा सकता है। उन्होंने मूल्यांकन प्रक्रिया, विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी एवं मार्गदर्शन सहित सभी आवश्यक पहलुओं की समीक्षा कर आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे इस वर्ष और अधिक संख्या में विद्यार्थियों का चयन हो सके।