Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

प्रभारी कलेक्टर श्री कुमार ने किया “प्रोजेक्ट अनुगामी” और 'सामुदायिक एएए' का शुभारंभ

प्रभारी कलेक्टर श्री कुमार ने किया “प्रोजेक्ट अनुगामी” और 'सामुदायिक एएए' का शुभारंभ
छिंदवाड़ा
06-Jun-25
छिन्दवाड़ा 
म.प्र. जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग एवं अंतरा फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से "प्रोजेक्ट अनुगामी" तथा "सामुदायिक एएए" पहल का औपचारिक शुभारंभ प्रभारी कलेक्टर श्री अग्रिम कुमार की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एन.के.शास्त्री, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी सहित स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

        कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा ‘रेफरल लूप’ को प्रभावी रूप से बंद करना तभी संभव है जब स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर समन्वयित प्रयास करें। हमें उन दूरस्थ क्षेत्रों की पहचान करनी होगी जहाँ सूचना का आदान-प्रदान सीमित है और वहाँ विशेष ध्यान देना होगा। तकनीकी सहायता के माध्यम से यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान, ट्रैकिंग और देखभाल की प्रक्रिया में कोई कमी न रह जाए। समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर स्थायी परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

       प्रोजेक्ट अनुगामी मातृ एवं नवजात मृत्यु दर को कम करने और सुरक्षित मातृत्व अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये स्वास्थ्य प्रणाली को सशक्त बनाने की एक नवाचारपूर्ण पहल है। यह परियोजना केस-दर-केस ट्रैकिंग को सरल बनाकर, उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं और नवजातों को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में मदद करती है।

       इस परियोजना का प्रारंभिक क्रियान्वयन अंतरा फाउंडेशन द्वारा जिले के विकासखंड मोहखेड़, बिछुआ और तामिया प्राथमिकता वाले 21 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (एचडब्ल्यूसी) में किया गया है। इन केंद्रों का चयन मातृ एवं शिशु मृत्यु दर के विश्लेषण के आधार पर किया गया है।

       शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान "सामुदायिक एएए" (आशा, आंगनवाड़ी, एएनएम) पहल पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस पहल के अंतर्गत समुदाय के सक्रिय सदस्य और कार्यकर्ता मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि हर माँ और हर बच्चे के लिए एक स्वस्थ और सुरक्षित गाँव का निर्माण हो सके।
Share News On