Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई हो : कांग्रेस का प्रशासन को अल्टीमेटम

संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई हो : कांग्रेस का प्रशासन को अल्टीमेटम
छिंदवाड़ा
05-Jul-25
हर्रई में आदिवासी युवक से मारपीट पर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, कहा- बर्दाश्त नहीं होगा अत्याचार

छिंदवाड़ा

हर्रई थाना क्षेत्र के ग्राम कुईयापानी में एक आदिवासी युवक के साथ हुई मारपीट व अमानवीय कृत्य के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आदिवासी हितों की रक्षा के लिए रणनीति बनाकर अगला कदम उठाया जाएगा।


ज्ञापन में कांग्रेस ने घटना को अत्यंत निंदनीय बताया और कहा कि इसने छिंदवाड़ा जिले की छवि को पूरे प्रदेश और देश में धूमिल किया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ के कार्यकाल में ऐसी घटनाएं कभी नहीं हुईं। उस समय पुलिस सक्रिय थी, लेकिन वर्तमान में पुलिस अपनी भूमिका से हटकर अन्य कार्यों में लिप्त है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि छिंदवाड़ा-पांढुर्ना संसदीय क्षेत्र में आदिवासी समाज पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं और प्रशासन इन घटनाओं को रोकने में असफल है। हर्रई की घटना से पहले पांढुर्ना में एक आदिवासी युवक की हत्या हो चुकी है, लेकिन आरोपी आज तक गिरफ्त से बाहर हैं और पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटक रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 29 जून 2025 को ग्राम कुईयापानी में एक आदिवासी युवक के साथ मारपीट की गई, जिसकी शिकायत हर्रई थाने में दर्ज हुई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार तो किया, लेकिन घटना के अगले ही दिन पीड़ित युवक के साथ एक अनैतिक घटना भी सामने आई। एक ऑडियो में विधायक प्रतिनिधि द्वारा स्वयं यह स्वीकार किया गया कि उसने इस मामले को ‘तुल’ दिया है, जो गंभीर विषय है।

जिला कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी, अजय मैद, राजीव तिवारी, राजकुमार मिश्रा और शिव सिरसाम उपस्थित रहे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
Share News On