10वीं-12वीं में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शासकीय स्कूल प्राचार्यों का सम्मान
छिंदवाड़ा
16-Jul-25
एफ.डी.डी.आई. छिंदवाड़ा में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
छिंदवाड़ा
शिक्षा जगत में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करने वाले जिले के शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को आज सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह इमलीखेड़ा स्थित फूटवियर डिज़ाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफ.डी.डी.आई.) छिन्दवाड़ा में संपन्न हुआ, जिसमें जिले के उन विद्यालयों के प्राचार्य शामिल हुए, जिन्होंने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह थे। उनके साथ सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल तथा जनजातीय कार्य विभाग के सहायक संचालक उमेश सातनकर मंचासीन रहे।

समारोह में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों का प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने शिक्षकों के समर्पण को अनुकरणीय बताया और कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जिस प्रकार से विद्यार्थियों को उत्तीर्ण कराने में संपूर्ण टीम ने मेहनत की है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने विशेष रूप से हिन्दी, अंग्रेज़ी और गणित जैसे विषयों में कमजोर छात्रों के लिए रिमेडियल कक्षाओं के आयोजन पर बल दिया ताकि आगामी परीक्षाओं में और भी बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित हो सके।
सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार ने कहा कि शिक्षक समाज का आधारस्तंभ होते हैं और उनके द्वारा किए गए मार्गदर्शन से ही छात्रों का भविष्य गढ़ा जाता है। उन्होंने प्राचार्यों को जिले के विकास में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल ने जिले के उत्तरोत्तर बेहतर होते परीक्षा परिणामों का श्रेय कलेक्टर श्री सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व, सतत मार्गदर्शन और सहयोग को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित सभी प्राचार्यों को आने वाले वर्षों में भी इसी उत्साह से कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।