Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सिकल सेल के खिलाफ जंग में होम्योपैथी चिकित्सकों की अहम भूमिका : सांसद बंटी विवेक साहू

सिकल सेल के खिलाफ जंग में होम्योपैथी चिकित्सकों की अहम भूमिका : सांसद बंटी विवेक साहू
छिंदवाड़ा
22-Jun-25
छिंदवाड़ा में आयोजित निःशुल्क होम्योपैथी चिकित्सा शिविर में पहुंचे 380 मरीज

छिंदवाड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक सिकल सेल रोग मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरे देश में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में छिंदवाड़ा और पांढुर्णा क्षेत्र में सिकल सेल की पहचान और इलाज के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से रविवार को पूजा लॉज में होम्योपैथी वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से सिकल सेल रोगियों के लिए निःशुल्क होम्योपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बंटी विवेक साहू शामिल हुए।


शिविर को संबोधित करते हुए सांसद साहू ने कहा कि "सिकल सेल को कम करने में होम्योपैथी चिकित्सकों की भूमिका सराहनीय है। लगातार सेवाभाव से कार्य कर रहे चिकित्सक वास्तव में समाज में भगवान का रूप हैं। पांढुर्णा और छिंदवाड़ा में सिकल सेल की रोकथाम के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।"

मरीजों से की मुलाकात, उपचार की जानकारी ली

सांसद साहू ने शिविर स्थल पर पहुंचकर मरीजों से सीधे संवाद किया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। कई सिकल सेल पीड़ित बच्चों और परिजनों ने बताया कि होम्योपैथी चिकित्सा से उन्हें राहत मिल रही है और बच्चों की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। सांसद ने उन्हें नियमित दवा सेवन और डॉक्टर से सलाह जारी रखने की सलाह दी।


शिविर में 380 मरीजों का पंजीयन, 214 सिकल सेल रोगी चिन्हित

शिविर में कुल 380 मरीजों का पंजीयन हुआ, जिनमें 214 सिकल सेल से पीड़ित पाए गए। इसके अतिरिक्त 52 अन्य मरीजों की भी जांच की गई। शिविर में 32 लोगों की एच.पी.एल.सी. जांच की गई, वहीं 4 आयुष्मान कार्ड, 7 आभा आईडी और 2 यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीयन हुआ।

चिकित्सकों की टीम रही सक्रिय

शिविर में होम्योपैथी वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. सपना साहू, सचिव डॉ. कृष्ण चौधरी समेत डॉ. कृष्ण हरजानी, डॉ. अरविंद पसीने, डॉ. कयूम खान, डॉ. संगीता घोष, डॉ. मानव मित्रा, डॉ. अलका सुनेजा, डॉ. अंजू मौर्य, डॉ. सोनालिका सिंह, डॉ. अरुण राव, डॉ. शिरीष साहू सहित अनेक चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। साथ ही राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य मिशन और आयुष विभाग की टीम भी शिविर में मौजूद रही।

इस अवसर पर जिला रोगी कल्याण समिति सदस्य चंद्रकुमार ‘चंदू’ जैन, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. कृष्ण हरजानी और डिस्ट्रीक्ट हेल्थ ऑफिसर डॉ. गावंडे भी उपस्थित थे।
Share News On