कबाड़ कक्ष में होमगार्ड जवान का शव फंदे पर मिला, जांच में जुटी पुलिस
क्राइम
21-Jul-26
छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव

अंबाड़ा पुलिस चौकी में पदस्थ एक होमगार्ड जवान का शव चौकी परिसर स्थित पुराने कबाड़ कक्ष में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, अंबाड़ा पुलिस चौकी में लंबे समय से पदस्थ होमगार्ड जवान दिलीप बाथरे का शव गुरुवार को चौकी के विश्राम कक्ष के समीप बने पुराने कबाड़ कक्ष में फंदे पर लटका मिला। घटना से पुलिस विभाग के साथ-साथ क्षेत्र में भी शोक और स्तब्धता का माहौल है। सहकर्मियों के अनुसार, दिलीप बाथरे का व्यवहार मिलनसार था और वे सभी के साथ सौम्य स्वभाव से पेश आते थे।
सूचना मिलने पर जुन्नारदेव एसडीओपी सोनम पाटिल, थाना प्रभारी जे. मसराम तथा उप थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे तत्काल घटनास्थल पहुंचे। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई की गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए छिंदवाड़ा से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है।
दिलीप बाथरे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिजनों और सहकर्मियों में गहरा दुख व्याप्त है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।