ज्ञान भारती स्कूल में स्वच्छता, यातायात सुरक्षा एवं नशा मुक्ति की दिलाई शपथ
शिक्षा
18-Jul-26
छिंदवाड़ा

सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के अंतर्गत आज वार्ड क्रमांक 36 स्थित ज्ञान भारती हायर सेकेंडरी स्कूल, चंदन नगर में स्वच्छता जागरूकता, यातायात सुरक्षा एवं नशा मुक्ति विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही स्वच्छता टीम द्वारा विद्यार्थियों को व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वच्छता का महत्व, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को फाइव बिन (5 Bin) कचरा पृथक्करण प्रणाली की विस्तृत जानकारी भी दी गई तथा कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए आईईसी टीम द्वारा स्वच्छता आधारित गेम एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर महेश डोंगरे, प्राचार्या श्रीमती रंजना कोल्हे, समस्त विद्यालय स्टाफ, वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद दिवाकर सदारंग, रोशन सिगनापूरे स्वच्छता चौम्पियन डॉ. महेश बन्देवार तथा मनोवैज्ञानिक एवं कैरियर काउंसलर समाज सेविका सुश्री आराधना पवार विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद दिवाकर सदारंग ने विद्यार्थियों से बाहर का दूषित भोजन खाने से बचने एवं घर का पौष्टिक भोजन ग्रहण करने की अपील की। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वार्ड क्रमांक 36 को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रथम स्थान पर लाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे तथा नागरिकों को जैविक कचरे से खाद बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
वहीं सुश्री आराधना पवार ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए बताया कि यदि नशा शब्द में आ की मात्रा जोड़ दी जाए तो नाश बन जाता है, जिसका अर्थ विनाश है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपने जीवन को सही दिशा दें, समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें। सभी विद्यार्थियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और नशा न करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने, कचरे का पृथक्करण करने तथा ष्सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओष् अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।