सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर
छिंदवाड़ा
03-Jul-25
एक ही आवेदन से दे सकेंगे 4 परीक्षाएं, समय और पैसे की होगी बचत
भोपाल (डिजीटल डेस्क)
सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश सरकार यदि इस मसौदे को मंजूरी दे देती है तो युवाओं को नौकरी के लिए बार-बार आवेदन और बार-बार परीक्षा से छुट्टी मिल जाएगी। इसके साथ ही उनके समय और पैसे की भी बचत होगी। इस मसौदे को कर्मचारी चयन मंडल ने तैयार कर प्रदेश सरकार को भेजा है। देखना है प्रदेश सरकार कब अनुमति देती है। मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी के लिए भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं के लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) समय-समय पर परीक्षाएं आयोजित करता है। मंडल एक साल में लगभग 8-9 भर्ती परीक्षाएं आयोजित करता है। परीक्षाओं की संख्या अधिक होने के कारण ये सालभर चलती रहती है लेकिन अब इनकी संख्या घटाने की तैयारी हो चुकी है। ईएसबी अब स्टाफ सर्विस कमीशन (एसएससी) का मॉडल अपनाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत विभिन्न विभागों में एक जैसे या समकक्ष पदों के लिए ग्रुप बनाकर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। ईएसबी ने प्रस्ताव बनाकर प्रदेश सरकार को भेज दिया है। एसएसी साल भर में चार प्रमुख परीक्षाएं लेता है जिसमें कम्पाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल), सब इंस्टपेक्टर, जूनियर इंजीनियर और 10$2 लेवल परीक्षाएं शामिल हैं। इसके अलावा कांस्टेबल की भी परीक्षाएं लेता है जिसमें क्लास 3 और 4 के पद कवर हो जाते हैं।
अभ्यर्थी च्वाइस दे सकेंगे, मेरिट के आधार पर होगी नियुक्तियां
अभी ज्यादा परीक्षाएं होने से परिणाम घोषित होने और नियुक्तियों में देरी होती है इसमें कमी आएगी। कम परीक्षाएं होने से परीक्षाएं समय पर आयोजित हो सकेगी जिसके कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। अभ्यर्थियों को अलग-अलग फार्म भरने की जरूरत नहीं होगी। एक ही परीक्षा में प्रिफरेंस दे सकेंगे जिससे पैसे और समय की बचत होगी।