Home News Helpline Classified Jobs About Contact

राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में गीतांजलि रघुवंशी ने जीता खिताब

राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में गीतांजलि रघुवंशी ने जीता खिताब
खेल
13-Jan-26
छिंदवाड़ा

ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय लॉन टेनिस चौंपियनशिप में छिंदवाड़ा की छात्रा गीतांजलि रघुवंशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेश भर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया।

फाइनल मैच में आई.पी.एस. कॉलेज, छिंदवाड़ा की बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा गीतांजलि रघुवंशी ने उज्जैन की शुभी को कड़े मुकाबले में पराजित कर चौंपियनशिप अपने नाम की। पूरे टूर्नामेंट में गीतांजलि का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा और उन्होंने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया।
गीतांजलि की इस उपलब्धि पर आई.पी.एस. कॉलेज के प्राचार्य श्री जैमिनी खानवे ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कॉलेज के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। वहीं मानविकी विभागाध्यक्ष असीम शर्मा ने भी छात्रा की मेहनत और अनुशासन की सराहना की तथा भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं।
इसके साथ ही सहायक प्राध्यापक लीना पवार ने भी गीतांजलि को बधाई देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में इस प्रकार की उपलब्धि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को दर्शाती है।
Share News On