गायत्री परिवार ने विद्यार्थियों को दी नशे से दूर रहने की सीख
छिंदवाड़ा
12-Aug-26
छिन्दवाड़ा

अखिल विश्व गायत्री परिवार, जिला छिन्दवाड़ा के तत्वावधान में मंगलवार को शासकीय माध्यमिक विद्यालय, सर्रा में संजीवनी दिशा - नशे से दूरी विषय पर नशा मुक्ति जनजागरण एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान योग, ध्यान, सकारात्मक चिंतन और संस्कारों के माध्यम से बच्चों में आत्मबल व चरित्र निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही बच्चों में ना कहने की शक्ति विकसित कर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। रक्षाबंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में बहनों ने भाइयों से नशा न करने का संकल्प भी कराया।
कार्यक्रम में तहसील समन्वयक डॉ. हेमन्त माहोरे, निधि पांडेय, रेणुका प्रजापति, योगा हिलर पूनम माहोरे सहित गायत्री परिवार की टोली उपस्थित रही। विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा यह अभियान जिले के विभिन्न स्कूलों में निःशुल्क रूप से चलाया जा रहा है।