Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सड़क पर नहीं सीएम निवास में रहेंगी गौ माता: कम्प्यूटर बाबा

सड़क पर नहीं सीएम निवास में रहेंगी गौ माता: कम्प्यूटर बाबा
छिंदवाड़ा
12-Sep-25
7 अक्टूबर को निकलेगी गौ माता न्याय यात्रा

छिन्दवाड़ा

साधु-संतों के नगर आगमन व  उनके चरण पड़ने से भूमि पवित्र होती है, उनके सानिध्य से मानव जीवन सफल हो जाता है। सिमरिया में सिद्ध हनुमान मंदिर निर्माण के साथ ही दो बड़ी कथाएं कराने वाले धर्मानुरागी कमलनाथ व नकुलनाथ की कर्मभूमि पर कम्प्यूटर बाबा के चरण पड़े। कांग्रेस ने नरसिंहपुर नाका पर उनका गाजे-बाजे, पुष्पहार व पुष्पगुच्छ से भव्य स्वागत किया।

नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए ईएलसी चौक पहुंचे कम्प्यूटर बाबा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मप्र के महानगर, नगर, कस्बों व गांव से लेकर ऐसी कोई सड़क नहीं है जहां गौ माता की तड़प-तड़पकर मौत हो रही। सड़कों पर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं में किसी की मां, पिता, बहन व भाई के साथ ही गौ माता की भी जान जा रही। गौ माता की कोई सुनवाई नहीं हो रही। गौ माता को लगता था कि कोई आएगा तो वास्तव में मप्र सरकार यदुवंशी आई। मोहन यदुवंशी है, 2 साल बीत गए फिर भी गौ माता की सुनवाई नहीं हुई तो संत समाज, किसान, युवा, गौरक्षकों ने मिलकर विचार किया कि अब गौ माता अब सड़कों पर नहीं सीएम निवास में रहेगी उन्हें वहां पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि मोहन को भले ही गौ माता की चिंता न हो, किन्तु गौ माता को चिंता है मोहन की।

7 से 14 अक्टूबर तक चलेगी गौ माता न्याय यात्रा 

कम्प्यूटर बाबा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि 7 से 14 अक्टूबर तक गौ माता न्याय यात्रा चलेगी। 7 अक्टूबर को होशंगाबाद से यात्रा सीएम हाउस के लिए प्रारंभ होगी। जिसमें हजारों की संख्या में गौ माता, गो रक्षा, संत समाज, युवा व किसान भाई भी हजारों की संख्या में सम्मिलित होंगे। ट्रकों व ट्रैक्टरों से गौ माता के लिए घास व पानी लेकर चलेंगे। गौ माता अपने सींगों पर ज्ञापन लेकर सीएम हाऊस पहुंचेगी। पहली बार सीएम को गौ माता ज्ञापन प्रस्तुत कर स्वयं की रक्षा व सुरक्षा के लिए मांग करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा नहीं मिल जाता तब तक गौ माता सीएम निवास में ही रहेंगी। उन्होंने अपनी यात्रा को लेकर कहा कि जन जागरण की दृष्टि से प्रदेश के प्रत्येक जिले में पहुंचकर सभी से अपील कर रहे हैं कि सड़कों से गौ माता को लेकर गौ माता न्याय यात्रा में शामिल हों। गौ माता के लिए वे सतत रूप से भिक्षा मांग रहे हैं। उन्होंने मीडिया से चर्चा के उपरांत ईएलसी चौक की दुकानों पर पहुंचकर भिक्षा मांगी।

नगर आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी, निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मांगो, शहर अध्यक्ष पप्पू यादव, जय सक्सेना, सहित कांग्रेस के समस्त मोर्चा संगठन, विभाग व प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष व पदाधिकारियों ने कांग्रेस नेता शैलू सेंगर के कार्यालय के सामने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने श्री सेंगर के कार्यालय में बैठकर गो माता की सुरक्षा व रक्षा को लेकर चर्चा की साथ ही आस-पास की दुकानों से गौ माता के लिए भिक्षा मांगी। 
Share News On