Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

1 अप्रैल से सभी कमर्शियल वाहनों के परमिट, फिटनेस, इंश्योरेंस की होगी जांच

1 अप्रैल से सभी कमर्शियल वाहनों के परमिट, फिटनेस, इंश्योरेंस की होगी जांच
छिंदवाड़ा
31-Mar-26
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की पाक्षिक बैठक निर्णय

छिंदवाड़ा

जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की पाक्षिक बैठक आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा करने के साथ ही नवीन एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, वनमण्डलाधिकारी पूर्व साहिल गर्ग, सचिव एवं कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, सड़क संबंधी सभी विभागों के अधिकारी, डीएसपी एवं टी आई यातायात सहित स्वास्थ्य, विद्युत, नगर निगम के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे।

बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 01 अप्रैल से अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात छिंदवाड़ा द्वारा विशेष अभियान चालाया जाएगा, जिसमें सभी कमर्शियल वाहनों की गहन जांच की जाएगी। यदि कोई वाहन आवश्यक दस्तावेज वाहन फिटनेस सार्टिफिकेट, इंश्योरेंस, आर.सी. आदि के बिना पाया जाता है तो तत्काल वाहन जब्ती कर चालानी कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि  05 अप्रैल  से नो एंट्री नियम, जिसमें सुबह 07 बजे से रात्रि 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को, सख्ती से लागू किया जाएगा। इस दौरान भारी एवं बड़े वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी रोटरियों पर हाई मास्ट लगाने का कार्य 10 दिवस के अंदर पूर्ण करें। शहर में स्थित दुकानों एवं फूटपाथों पर अतिक्रमण व अन्य स्थानों पर लगी अवैध होर्डिंग्स को तत्काल हटाया जाए। चूंकि खजरी चौक पर रोटरी स्थित है, इसीलिए यहां पर सिग्नल की आवश्यकता नहीं है। लेकिन सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए चौराहे पर सुरक्षात्मक उपाय जैसे बोर्ड, रंबल स्ट्रिप आदि का कार्य कराया जाए। बैठक में राहवीर एवं नगदी रहित योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के संबंध में पुनः निर्देश दिए है, ताकि दुर्घटना से घायल व्यक्ति को समय पर उपचार प्राप्त हो सके।

बैठक में निर्देश दिए गए कि जिले में राष्ट्रीय राज्य मार्ग एवं राज्य मार्गों पर लगने वाले हाट बाजारों को अन्यंत्र स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित दुर्घटना जन्य स्थानों पर ग्रामीण सड़क विभाग (पीएमजीएसवाय) द्वारा परिशोधन कार्य किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। नगर निगम द्वारा नो एंट्री क्षेत्रों (सिवनी नाका, नागपुर नाका, परासिया नाका, खापाभाट) पर नो एंट्री संकेतकों एवं चेतावनी वोडों की उपलब्धता एवं दृश्यता सुनिश्चित की जाए, जिसमें नो एंट्री का समय स्पष्ट रूप से उल्लेखित हो। साथ ही शहर के समस्त चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग, रंबल स्ट्रिप आदि का कार्य करने और खजरी चौक रेल्वे ओवरब्रिज के दोनों ओर बी.टी. के स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए गए।
Share News On