116 प्रकरण दर्ज, 2 करोड़ से अधिक की वसूली, फिर भी नहीं थम रहा अवैध उत्खनन
छिंदवाड़ा
31-Mar-26
कलेक्टर ने गठित की जिला टास्क फोर्स
छिंदवाड़ा
जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आज कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय (मिनी सभाकक्ष) में आयोजित की गई। बैठक में पेंच टाइगर रिजर्व, वन विभाग, परिवहन विभाग तथा मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी, टास्क फोर्स के सदस्य-सचिव एवं सह संयोजक जिला खनिज अधिकारी रविंद्र परमार सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। बैठक में जिले में संचालित खनिज गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला खनिज अधिकारी श्री परमार ने जानकारी दी कि पूर्व में की गई कार्रवाई के तहत कई प्रकरण दर्ज कर राजस्व वसूली की गई है। अवैध उत्खनन के दर्ज 116 प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड राशि 27 लाख 36 हजार की वसूली की गई, अवैध परिवहन के 269 प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड राशि 2 करोड़ 06 वसूल की गई है और अवैध भंडारण के 30 प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड राशि 2 लाख 40 हजार की वसूली की गई है।
कलेक्टर श्री नारायन द्वारा निर्देश दिए गये कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध निरंतर और संयुक्त रूप से अभियान चलाया जाए। खनिज रेत के अवैध उत्खनन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में राजस्व, पुलिस, खनिज, वन एवं परिवहन विभाग समन्वय स्थापित कर नियमित निरीक्षण एवं आकस्मिक कार्रवाई सुनिश्चित करें। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा जप्त किए गए वाहनों एवं खनिज सामग्री के प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए।