Home News Helpline Classified Jobs About Contact

अवैध रेत परिवहन मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

अवैध रेत परिवहन मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
क्राइम
03-Jun-26
मोहखेड़ पुलिस ने की कार्रवाई, डंपर और थार पुलिस थाने में 

छिन्दवाडा 

अवैध रेत परिवहन पर लगातार कलेक्टर हरेन्द्र नारायण की मॉनिटरिंग के बाद पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्यवाई रंग दिखाने लगी है। इसी तरह के ताजे मामले में शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, अभद्र व्यवहार करने तथा अवैध रेत परिवहन से संबंधित प्रकरण में उमरानाला चौकी एवं थाना मोहखेड़ पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंपर एवं अन्य वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को रेत परिवहन की जांच के दौरान नायब तहसीलदार सांवरी एवं उनके चालक के साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई, गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही डंपर में भरी रेत मौके पर खाली कर वाहन सहित फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना मोहखेड़ में अपराध क्रमांक 250/2026 अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामेश्वर प्रसाद चौबे एवं थाना प्रभारी मोहखेड़ निरीक्षक विजयराव माहोरे के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपियों को लिंगा सर्किल के समीप गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपी आसिफ खान, अयुब खान, शमशेर खान सहित एक अन्य आरोपी को हिरासत में लिया गया।

पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त टाटा कंपनी का डंपर तथा काले रंग की थार वाहन क्रमांक एमपी-28-जेडडी-8323 सहित लगभग 75 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उमरानाला उप निरीक्षक राजेश साहू, सहायक उप निरीक्षक संतोष बघेल, सहायक उप निरीक्षक अखिलेश तिवारी, प्रधान आरक्षक श्याम ठाकरे, प्रधान आरक्षक नितेश पटेल एवं आरक्षक हेमंत इंदुलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Share News On