Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

पूर्व सांसद नकुलनाथ का राजीव भवन में मनाया जन्मदिवस

पूर्व सांसद नकुलनाथ का राजीव भवन में मनाया जन्मदिवस
छिंदवाड़ा
21-Jun-25
युवक कांग्रेस ने किया रक्तदान, वृद्धाश्रम में बांटी कुर्सियां

छिन्दवाड़ा

राजीव कांग्रेस भवन व नगर के विभिन्न क्षेत्रों व संस्थानों सहित सम्पूर्ण जिले के अंचलों में जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ का जन्मदिन पूर्ण हर्षाेल्लास व समारोह पूर्वक मनाया गया। नगर के विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना व दरगाहों पर चादर पेश करने के साथ ही कार्यकर्ताओं ने गुरुद्वारा साहेब में अरज लगाई । प्रातः कालीन आयोजनों में वृद्धाश्रम पहुंचकर कांग्रेस परिवार के सदस्यों ने बुजुर्गों को भोजन कराया साथ ही नकुलनाथ जी की ओर से कुर्सियां प्रदान की गई। दोपहर 11.30 बजे से स्थानीय राजीव भवन में मुख्य समारोह का शुभारंभ हुआ। सभी धर्मों के धर्मगुरूजनों ने इस अवसर पर धर्मानुसार श्लोक, मंत्र, अरदास व आयतों के साथ प्रार्थनायें कर पूर्व नकुलनाथ की दीर्घायु, निरोगी व सदैव सेवा कार्य में जुटे रहने की प्रार्थना की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि पूर्व सांसद नकुलनाथ भी आज अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुये जनसेवा से जुड़े हुये हैं, उन्होंने निर्णय कर लिया है कि वे जीवन भर छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र के विकास व जनता की सेवा के लिए सतत कार्यरत रहेंगे। श्री ओकटे ने जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की ओर से नकुलनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगा प्रसाद तिवारी ने पूर्व सांसद नकुलनाथ के कार्यों की सराहना करते हुये उन्हें बधाई प्रेषित कर सतत अग्रसर रहने की कामना की। शहर कांग्रेस कमेटी के प्रभारी एवं नगर पालिक निगम छिन्दवाड़ा के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मांगो ने कहा कि नकुलनाथ सच्चे समाजसेवी है, दीन दुखियों, जरूरतमंदों व युवाओं की मदद करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है, किन्तु उन्होंने इसे कभी जाहिर नहीं किया।
आयोजित कार्यक्रम को अशोक राजपूत, संतसिंग सेंगर, आनंद बक्षी, नजरूद्दीन खान, उर्मिला सिंग, शैलू मिश्रा, अजय पटेल, जय सक्सेना, राजू महाराज ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में मंच संचालन नितिन उपाध्याय एवं आभार प्रदर्शन पप्पू यादव ने किया गया। उदबोधन के उपरांत जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआइर, एससी प्रकोष्ठ, नगर निगम के सभापति व पार्षदों सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं और नेताओं ने केक काटा। 

युवक कांग्रेस ने किया रक्तदान
पीडित मानवता की सेवा के लिये सदैव समर्पित रहने वाले नकुलनाथ का अनुसरण करते हुये युवक कांग्रेस के पदाधिकारी व सदस्यों ने युवक कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल के नेतृत्व में रक्तदान-महादान के मूलमंत्र को दोहराया व नकुलनाथ के स्वास्थ्य व दीर्घायु जीवन की कामना की।

महिला कांग्रेस ने बांटे तुलसी के पौधे
सामाजिक कार्यक्रमों में अग्रणी जिला महिला कांग्रेस की सदस्यों ने संगठन अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी के नेतृत्व में राजीव कांग्रेस भवन में इस अवसर पर पवित्र तुलसी के पौधे का वितरण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जिला महिला कांग्रेस की पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।  

एनएसयूआई ने काटा केक
इस अवसर पर एनएसयूआई ने राजीव गांधी बस स्टैंड पर केक काटा व जमकर आतिशबाजी की। वहीं कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ ने आधार फाउंडेशन में कार्यक्रम का आयोजन किया।  यहां जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री विश्वनाथ ओकटे, धर्मेन्द्र सोनू मांगो, जय सक्सेना, गुरूचरण खरे, पप्पू यादव, हंसा अम्बर दाढ़े, आनंद राजपूत, राहुल मालवी, आशीष चौधरी, नितिन उपाध्याय व अल्केश कोल्हे के द्वारा नकद राशि प्रदान की गई ताकि यहां अध्ययनरत बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताएं पूरी हो सकें। माननीय नकुलनाथ जी का जन्मदिन मनाया गया। किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में पौधरोपण किया गया।
Share News On