Home News Helpline Classified Jobs About Contact

पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उइके ने किया आदिवासी नृत्य

पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उइके ने किया आदिवासी नृत्य
छिंदवाड़ा
16-Aug-26
पारंपरिक परिधान, गोंडी नृत्य ने बांधा समां

छिंदवाड़ा

रविवार को परासिया मार्ग पर आदिवासी महोत्सव आयोजित किया गया जिसमें आदिवासी फैशन शो आकर्षण का केंद्र रहा। पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में शो-स्टॉपर के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ युवतियों ने भी पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक कर आदिवासी संस्कृति और गौरव को प्रस्तुत किया। बाद में उन्होंने युवतियों के साथ गोंडी नृत्य भी किया, जिससे पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया।

परंपरा का रैंप पर प्रदर्शन

फैशन शो में महिलाओं और युवतियों ने विभिन्न पारंपरिक आदिवासी परिधानों में रैंप वॉक किया। पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उइके की गरिमामयी प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतिभाओं ने मोहा मन

महोत्सव में छोटी बच्चियों की नृत्य प्रस्तुतियों के साथ एक दृष्टिबाधित बच्ची की गीत प्रस्तुति ने भी दर्शकों को भावुक कर दिया। उसकी प्रतिभा और आत्मविश्वास की लोगों ने तालियों से सराहना की। लोकनृत्य, संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुसुइया उइके के साथ आईपीएस अधिकारी निवेदिता गुप्ता, राजा शंकरशाह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. इंद्र प्रसाद त्रिपाठी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजक दिव्या कटारे एवं सह-आयोजक सुमित जायसवाल ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना और महिलाओं, युवतियों तथा बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंचासीन अतिथियों को भी दिव्य प्रेम फाउंडेशन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। आयोजन में डॉ. विजय यादव, इति शर्मा, ऋतु गोयल, पारुल पांडे, माही खंडेलवाल, श्वेता घई, श्वेता नायक, आरती दुबे, कोशिमा राजक सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा। अंत में दिव्या कटारे ने आभार व्यक्त किया।
Share News On