Home News Helpline Classified Jobs About Contact

पूर्व सीएम कमलनाथ ने मुख्यमंत्री व रेल मंत्री को लिखा पत्र

पूर्व सीएम कमलनाथ ने मुख्यमंत्री व रेल मंत्री को लिखा पत्र
राजनीति
28-Jul-26
मूंग खरीदी में तेजी लाने और दादाजी धाम एक्सप्रेस को पुनः शुरू करने की मांग

छिंदवाड़ा

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने किसानों और श्रद्धालुओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर पहल करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है। उन्होंने एक ओर मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी में तेजी लाने की मांग की है, वहीं दूसरी ओर दादाजी धाम एक्सप्रेस ट्रेन को पुनः प्रारंभ करने की मांग उठाई है।

प्रदेश सरकार मूंग की खरीदी में तेजी लाएं

कमलनाथ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखे पत्र में कहा है कि मध्यप्रदेश कृषि प्रधान राज्य होने के साथ ही देश का सबसे बड़ा मूंग उत्पादक राज्य है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश को लगभग 4.54 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी की स्वीकृति प्रदान की है, जो राष्ट्रीय स्वीकृत मात्रा का लगभग 87 प्रतिशत है। इसके बावजूद 16 जुलाई 2026 तक स्वीकृत मात्रा के मुकाबले मात्र दो प्रतिशत मूंग की ही खरीदी हो सकी है, जो चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि मूंग खरीदी की धीमी प्रक्रिया के कारण प्रदेश के लाखों किसान आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं तथा कई किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कमलनाथ ने मुख्यमंत्री से समर्थन मूल्य पर पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से मूंग खरीदी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का आग्रह किया है।

दादाजी धाम एक्सप्रेस ट्रेन पुनः शुरू करने मांग

कमलनाथ ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार को पत्र लिखकर दादाजी धाम एक्सप्रेस ट्रेन को पुनः शुरू करने की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि खंडवा स्थित दादाजी धाम के प्रति छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सौंसर सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2011 में नागपुर से खंडवा के बीच दादाजी धाम एक्सप्रेस शुरू की गई थी, जिसे उन्होंने तत्कालीन रेल मंत्री के साथ पांढुर्ना रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

उन्होंने बताया कि कोरोना काल के दौरान इस ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था, जिसके बाद श्रद्धालुओं को खंडवा पहुंचने के लिए इटारसी में ट्रेन बदलनी पड़ती है। कमलनाथ ने रेल मंत्रालय से श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए दादाजी धाम एक्सप्रेस को शीघ्र पुनः प्रारंभ करने का आग्रह किया है।

कमलनाथ ने कहा कि किसानों और आमजन की सुविधाओं से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और श्रद्धालुओं को सुगम रेल सुविधा उपलब्ध हो सके।
Share News On