पंडित नेहरू स्कूल में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 जागरूकता कार्यक्रम
छिंदवाड़ा
28-Jul-26
नशा मुक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण: महेंद्र भगत

छिंदवाड़ा
मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस प्रशासन के नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी अवेयरनेस फाउंडेशन (टीआरएसएफ) एवं कुंडीपुरा थाना के संयुक्त तत्वावधान में जनता कॉलोनी स्थित पंडित नेहरू हायर सेकेंडरी स्कूल में नशा मुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और अपने उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक नशा मुक्त जीवन का संकल्प ले, तो स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को पुलिस को अपना मित्र बताते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवा संकल्प वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और आज लिया गया नशा न करने का संकल्प उनके बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ परिवार और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया तथा सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
टीआरएसएफ के कार्यकारी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री एवं अधिवक्ता मुकेश दीक्षित ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों की जानकारी दी। वहीं विद्यालय के डायरेक्टर अखिलेश चौहान ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए पूरे विद्यालय परिसर में श्नशे से दूरी है जरूरीश् के नारों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में टीआरएसएफ के संस्थापक कल्पेश पटेल, उप निरीक्षक शरद मालवी, नितिन गडकरी सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नशा मुक्त भारत एवं नशा मुक्त छिंदवाड़ा के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।