पहली बार सफाई कर्मचारियों ने किसी सांसद से की वन-टू-वन चर्चा
छिंदवाड़ा
09-Feb-26
सांसद ने कर्मचारी संघ को दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन
छिन्दवाड़ा
नगर निगम सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से परेशान कर्मचारियों ने हड़ताल की थी जिसे सांसद बंटी विवेक साहू ने फोन पर चर्चा कर शीघ्र वेतन दिलवाने का आश्वासन दिया था इसी बात को लेकरकर्मचारी संघ ने रविवार की शाम सांसद कार्यालय में सांसद बंटी विवेक साहू से मुलाकात करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा है। जिस पर सांसद श्री साहू ने नगरनिगम के अधिकारियों से बात कर उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को दिया है।
सांसद श्री साहू से मुलाकात के दौरान मध्यप्रदेश श्रमजीवी सफाई कर्मचारी संघ के जिला संयोजक जगदीश गोदरे ने बताया कि छिन्दवाड़ा में 70 साल के इतिहास में पहली बार किसी सांसद ने उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए उसे सुना और उनकी मांगों को पूरा करने की पहल की। श्री गोदरे ने इस अवसर पर बताया कि असम विधानसभा चुनाव के प्रचार की व्यस्तता के बीच भी सांसद बंटी विवेक साहू ने असम से ही विडियों कॉल के माध्यम से उनकी मांगों को सुना और तत्काल ही नगर निगम कमिश्नर से बात कर उनकी मांगों को पूरा करने के लिए कहा। सांसद बंटी विवेक साहू के आश्वासन के बाद ही उन्होंने अपनी हड़ताल स्थगित की थी।

इस दौरान श्री गोदरे सहित अन्य पदाधिकारियों ने सांसद बंटी विवेक साहू को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने की मांग की। जिस पर सांसद श्री साहू ने कहा कि सांसद के बजट सत्र से लौटते ही वे इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों से बात करेंगे। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज सक्सेना एवं मध्यप्रदेश श्रमजीवी सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और वार्डों के प्रभारी उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश श्रमजीवी सफाई कर्मचारी संघ ने रखी अपनी मांगे
मध्यप्रदेश श्रमजीवी सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने सांसद बंटी विवेक साहू को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा है। जिसमें उन्होंने मांग की है कि सफाई कर्मचारियों को विगत 2 माह का वेतन भुगतान नही किया गया है, जिससे कर्मचारियों का अत्याधिक आर्थिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। 2 माह का वेतन भुगतान किये जाने के साथ-साथ समस्त सफाई कर्मचारियों को शासन के आदेशानुसार प्रतिमाह दिनांक 1 से दिनांक 5 तक वेतन भुगतान किया जावे। विनियमित सफाई कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर रिक्त चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नियमित किया जावे। दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर चतुर्थ श्रेणी पदों पर नियमित किया जावे। अनुबंधित सफाई कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर रिक्त संविदा पदों पर भर्ती किया जावे।