कमलनाथ के प्रयासों से रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं में हुआ विस्तार: अजय सिन्हा
छिंदवाड़ा
09-Feb-26
एस्केलेटर व लिफ्ट की यात्रियों को अविलम्ब मिलेगी सुविधाएं
छिन्दवाड़ा
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के अथक व सतत प्रयासों से छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार होने जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर व लिफ्ट की सुविधाएं बहाल होगी जिससे यात्रियों को सुविधाएं प्राप्त होगी। वर्तमान विधायक कमलनाथ के प्रयासों से स्टेशन पर बहाल होती सुविधाओं के लिए कांग्रेस के जनप्रतिनिधि अजय सिन्हा ने श्री नाथ का हृदय से आभार माना है साथ ही अन्य इन सम्पूर्ण कार्यों को अविलम्ब पूरा करने की मांग की है।

श्री सिन्हा ने जारी बयान में आगे कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जनहित व यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन के नवीन फुट ओवर ब्रिज पर एस्केलेटर (चलती सीढ़ियां) उपलब्ध कराने हेतु शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के सम्बंध में अर्ध शासकीय पत्र क्रमांक-12 मंडल रेल प्रबंधक को जारी किया था। प्रतिपत्र में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि एस्केलेटर एवं लिफ्ट लगाने का प्रावधान किया जा चुका है। वर्तमान में प्लेटफार्म क्रमांक 01 पर 01 नग एस्केलेटर एवं प्लेटफार्म क्रमांक 2/3 पर 01 नग एस्केलेटर कुल 2 एस्केलेटर लगाने का कार्य प्रगति पर है। लिफ्ट प्लेटफार्म क्रमांक 01 पर 01 नग प्लेटफार्म क्रमांक 2/3 पर 1 नग एवं प्लेटफार्म क्रमांक 04 पर 1 नग लिफ्ट इस तरह कुल 3 लिफ्ट लगाने का कार्य जारी है। श्री सिन्हा ने इन सम्पूर्ण कार्यों को अविलम्ब पूरा करने की मांग की है ताकि यात्रियों को अधिक सुविधाएं मिल सके। श्री सिन्हा ने जारी बयान में आगे कहा कि 12 मीटर फुट ओवर ब्रिज के समीप भी एस्केलेटर लगाया जाए। इसके साथ ही छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती हुई संख्या को ध्यान में रखते हुए बाहर से सीढ़ियां भी बनाई जाए ताकि आवागमन में सुविधा हो।