16 फरवरी को बजरंग दल की शोभायात्रा, आएंगे टी. राजा सिंह
छिंदवाड़ा
10-Feb-26
शिवाजी जयंती पर दशहरा मैदान में हिंदू गर्जना रैली व धर्मसभा
छिंदवाड़ा
जिला बजरंग दल के नेतृत्व में शिवाजी महाराज की जयंती पर हिंदू गर्जना रैली का आयोजन किया गया है जो दशहरा मैदान में धर्मसभा के रूप में परिवर्तित हो जाएगी। इस धर्मसभा को संबोधित करने के लिए दक्षिण भारत में हिंदूत्व की पहचान बन चुके टी. राजा सिंह आ रहे हैं। आयोजन को लेकर बजरंग दल ने तैयारियां शुरू कर दी है। पूरे शहर में होर्डिंग और बैनर लगाए चुके हैं।

जिला बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी के अनुसार 16 फरवरी को चार फाटक स्थित दादा धूनी वाले मंदिर प्रागंण से शाम 5 बजे भव्य हिंदू गर्जना रैली आरंभ होगी जिसमें मुख्य आकर्षकण का केंद्र प्रखर हिंदूत्ववादी नेता टी.राजा सिंह रहेंगे। यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई स्थानीय दशहरा मैदान पहुंचकर धर्मसभा में बदलेगी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा रैली को सफल बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। पूरे शहर को स्वागत होर्डिंग से पाट दिया गया है साथ ही घर-घर जाकर पीले चावल डालकर हिंदूओं को कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में जुटने के लिए आग्रह किया जा रहा है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी अधिक से अधिक संख्या जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस की रहेगी चाक चौबंद व्यवस्था
बजरंग दल की हिंदू गर्जना रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सर्तक हो गया है। प्रखर हिंदूत्ववादी टी राजा सिंह की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहने की जानकारी मिली है तो वहीं शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह का कोई व्यवधान न हो इसके लिए पुलिस अभी से तैयारियों में जुट गई है।