कांग्रेस की मजबूती के आधार पांच “क” है: चंदन यादव
छिंदवाड़ा
23-Dec-25
राजीव भवन में हुई आवश्यक बैठक, संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा
छिन्दवाड़ा
कांग्रेस की मजबूती के आधार पांच “क” है। हमें हमारे पांच “क” को मजबूत करना है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ के मार्गदर्शन व संरक्षण में ये सशक्त है। यह देखकर मुझे खुशी हुई। सतत रूप से 47 वर्षों से पूर्ण सेवा भाव के साथ जिले के विकास और जन-जन की समस्याओं के निराकरण हेतु जुटे हैं। उक्त उदगार एआइसीसी के सचिव चंदन यादव ने आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए।
श्री यादव ने उपस्थित कांग्रेसजन को सम्बोधित करते हुए पांच “क” के अर्थ बताएं। उन्होंने कहा पहला क कहानी यानि विचारधारा है, दूसरा क कार्यालय है, ऐसे कार्यालय देश में बहुत कम है। इस कार्यालय में प्रवेश करते ही सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। तीसरा क कार्यकर्ता है, नये कार्यकर्ताओं को जोड़ना, कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरना और उनका मार्गदर्शन करना है। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा धर्म के साथ ही जाति का भी राजनीतिकरण कर चुकी है। जहां नहीं हुआ वहां भी कर रही है। हमें सभी वर्गों को जोड़ना है। चतुर्थ “क” कार्यशाला, प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं की बौद्धिक क्षमता को बढ़ाता है। प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता की बौद्धिक क्षमता सामान्य व्यक्ति से डेढ़ गुना बढ़ जाती है। अंत में उन्होंने पांचवें “क” का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यक्रमों का आयोजन। धरना, प्रदर्शन के साथ ही जमीनी स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जाए ताकि हमारे विचारों को जनता आसानी से समझ सके।
आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने संगठनात्मक गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कमलनाथ एवं नकुलनाथ के मार्गदर्शन व नेतृत्व में कांग्रेस ने सातों विधानसभा सीट दो बार विजय की है। यह संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता की सक्रियता का परिणाम है। उन्होंने अन्य संगठनात्मक गतिविधियों से श्री यादव को अवगत कराया। आयोजित बैठक को पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजकुमार चौहान सहित अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया।
कार्यक्रम में मंच संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव के द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके ने किया।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी, शहर कांग्रेस, युवक, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, शहर महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ, कांग्रेस जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ, कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ, कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, कांग्रेस एससी एवं एसटी सेल, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के समस्त जिलाध्यक्ष, प्रभारी, पर्यवेक्षकगण सहित निगम, नगर पालिक, नगर परिषद, जिला पंचायत, जनपद पंचायत व ग्राम पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग में हुई नियुक्तियां
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग में नई नियुक्तियां की गई है। नवनियुक्त पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी सौंपी है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे की सहमति उपरांत कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष हाजी अहबाब उद्दीन के द्वारा छिन्दवाड़ा नगर अध्यक्ष पद पर फैजी खान व युवा विंग के जिला अध्यक्ष पद पर शेख युनूस को मनोनीत किया गया है।
पूनम उइके को सौंपी जिम्मेदारी
शहर महिला कांग्रेस के द्वारा उत्तर उप ब्लॉक में अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की गई है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे की अनुशंसा एवं महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी व प्रभारी श्रीमती मंजू बैस की सहमति उपरांत शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती दीपा यादव के द्वारा उत्तर उप ब्लॉक में अध्यक्ष पद पर पूनम उइके को मनोनीत किया गया है।