भाजपा के अन्य मंत्रियों की तरह जनता में “विश्वास” खो गए सारंग: शुक्ला
छिंदवाड़ा
23-Dec-25
छिन्दवाड़ा
संसदीय क्षेत्र के भोले-भाले आदिवासी भाइयों की जमीन हड़पने और झूठ बोलने वाले भाजपा सांसद के कहने पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री जनता के बीच कोरा झूठ बोल गए। हालांकि इसमें उनकी गलती नहीं है, क्योंकि उन्हें भाजपा के सांसद ने जो बताया वह बोल गए। इसके पहले भी अनेक राज्य मंत्री, केन्द्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद भी आए थे, वे भी ऐसे ही अनेकों अनेक झूठ परोसकर गए तो लौटे नहीं। उक्त उदगार कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गुंजन शुक्ला ने मंत्री की कोरी घोषणाओं पर पलटवार करते हुए व्यक्त किया।
गुंजन शुक्ला ने आगे कहा कि खेल एवं युवा कल्याण मंत्री से पहले भाजपा के राज्य व केन्द्र के सम्पूर्ण शीर्ष नेतृत्व छिन्दवाड़ा में कमलनाथ एवं नकुलनाथ के विकास कार्यों को देखने छिन्दवाड़ा आ चुके हैं। खेल परिसर, छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना में जिले की प्रत्येक विधानसभा में एक-एक खेल मैदान, जिला मुख्यालय पर स्वीमिंग पूल, इंदिरा गांधी क्रिकेट मैदान में टेबिल टेनिस भवन के लिए पर्याप्त राशि देने की घोषणा की है। श्री शुक्ला ने श्री सारंग व भाजपा सांसद से प्रश्न करते हुए कहा कि ये सम्पूर्ण कार्य किस वर्ष और किस तारीख में प्रारंभ होंगे यह भी जनता जानना चाहती है। इसीलिये वर्ष और तारीख भी बताएं क्योंकि भाजपा के वादे, इरादे और घोषणाओं पर छिन्दवाड़ा-पांढुर्ना की जनता को भरोसा नहीं है, पहले भी नहीं था और आगे भी नहीं रहेगा, क्योंकि भाजपा चलती फिरती झूठ की पार्टी बन चुकी है।
अंत में श्री शुक्ला ने कहा कि जनता के बीच “विश्वास” खो गए सारंग और सांसद अगर ये सम्पूर्ण कार्य प्रारंभ नहीं करा पाए तो कांग्रेस के जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके ने कहा कि इन कार्यों को कांग्रेस 2028 में पूरा कराएगी क्योंकि आज तक भाजपा ने छिन्दवाड़ा को कुछ दिया नहीं, बल्कि छिन्दवाड़ा से छीना ही है। मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, एग्रीकल्चर कॉलेज, हॉटिकल्चर कॉलेज से लेकर अन्य विकास के कार्यों को रोकने का काम भाजपा ने किया है।