Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

किसान ने स्वीट कॉर्न से एक लाख रूपए प्रति एकड़ की कमाई

किसान ने स्वीट कॉर्न से एक लाख रूपए प्रति एकड़ की कमाई
कृषि जगत
12-Jun-26
छिन्दवाडा 

उमरेठ के ग्राम छाबड़ीकला के किसान जितेन्द्र पवार ने शासन की मंशा के अनुरूप कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उद्देश्य को पूरा करते हुए परंपरागत खेती से आगे बढ़ते हुए स्वीट कॉर्न की उन्नत खेती अपनाकर क्षेत्र के किसानों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। श्री पवार ने वर्ष 2026 में लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई आधारित स्वीट कॉर्न (स्वीट क्वीन वैरायटी) की खेती की है। फसल की बुवाई 12 से 15 अप्रैल के बीच की गई थी। वर्तमान में फसल उत्कृष्ट स्थिति में है तथा पौधों में छावर एवं भुट्टों का विकास अच्छी तरह हो चुका है।       

कृषक श्री पवार बताते हैं कि स्वीट कॉर्न एक अल्पावधि लगभग 75 दिन की नकदी फसल है, जिससे कम समय में बेहतर आय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने पिछले वर्ष 7 एकड़ में स्वीट कॉर्न की खेती कर लगभग 10 लाख रुपये का विक्रय किया था। उत्पादन लागत निकालने के बाद उन्हें प्रति एकड़ लगभग 1 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। 

वर्तमान में छिंदवाड़ा जिले में लगभग 5 हजार एकड़ क्षेत्र में स्वीट कॉर्न की खेती की जा रही है, जो किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। शुक्रवार को उपसंचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह ने ग्राम छाबड़ीकला का भ्रमण कर श्री पवार के खेत में लगी स्वीट कॉर्न फसल का निरीक्षण किया।  निरीक्षण के दौरान फसल की उत्कृष्ट स्थिति एवं अपनाई गई वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की सराहना की गई। इस अवसर पर अनुविभागीय कृषि अधिकारी परासिया प्रमोद सिंह उट्टी सहित क्षेत्र के किसान रामजी पवार, कैलाश पवार, राम पवार एवं उमेश पवार भी उपस्थित थे।
Share News On