जल संकट का सामना कर रहे गाडरवाड़ा के किसान पहुंचे कलेक्ट्रेट
छिंदवाड़ा
13-Jan-26
स्वीकृत जलाशय का निर्माण शुरू करने की मांग
छिंदवाड़ा
अमरवाड़ा तहसील के गाडरवाड़ा गांव में स्वीकृत जलाशय निर्माण कार्य के प्रति प्रशासन की लगातार उदासीनता को लेकर ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश है। 2008 में मंजूरी मिलने और 2023 में भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद, निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपनी मांगे रखी।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि उनके क्षेत्र में जलस्तर 1000 फीट से नीचे चला गया है जिसके कारण खेती-बाड़ी बर्बाद होने की कगार पर आ गई है। इसके अलावा पीने के पानी का गंभीर संकट पैदा हो गया है। इस जलाशय के निर्माण से गाडरवाड़ा और आसपास के 15-20 गांवों के साथ-साथ आगे के 40-50 गांवों में लगभग 12 से 15 हजार किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकती थी, लेकिन प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण किसान असहाय हैं।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि गाडरवाड़ा जलाशय का निर्माण कार्य तत्काल शुरू नहीं किया गया तो सभी ग्रामीण और किसान बड़े पैमाने पर सड़क जाम विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
इस दौरान सतेन्द्र सिंह (निकी राजपूत), सचिन सूर्यवंशी, विक्की राजपूत, जय कुमार सूर्यवंशी, महेश डेहरिया, शिवम राय, बलवीर राजपूत, खेमसिंह राजपूत, द्वारका पटेल, सहाबू सूर्यवंशी, बापू श्रीवास्तव, सतेन्द्र सूर्यवंशी, भागचंद वर्मा, हरिओम वर्मा, जगदीश राय, केवल सूर्यवंशी, नरे (सरपंच), विमलेश डेहरिया, रकीब बाबा, भूरा बाबा, दिनेश सूर्यवंशी, रामा बघेल, कोमल बघेल, किशोर बघेल, राजकुमार गुन्हेरे, अच्छेलाल भास्कर, परताराम बघेल, मनेश बघेल, जुगन बघेल, जगदीश बघेल, शंकर बघेल, कमलेश साहू, इंदर पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान उपस्थित थे।