अंडर 14 और अंडर 17 क्रिकेट मैच में हुए रोमांचक मुकाबले
छिंदवाड़ा
26-Apr-26
केंद्रीय विद्यालय की 55वीं क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ
छिन्दवाडा
55वीं क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ आज पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 छिंदवाड़ा में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जबलपुर क्षेत्रीय उपायुक्त दिग्गराज मीना एवं सहायक आयुक्त हीरालाल थे। इस अवसर पर पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 छिंदवाड़ा के प्राचार्य हरिप्रसाद धारकर भी उपस्थित थे।
प्रतियोगिता के पहले दिन क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। अंडर-17 के मैच शुक्ला ग्राउंड में तथा अंडर-14 के मुकाबले पीजी ग्राउंड में खेले गए।
अंडर-14 वर्ग के पहले मुकाबले में केन्द्रीय विद्यालय सीएमएम जबलपुर और जीसीएफ क्रमांक-1 जबलपुर आमने-सामने हुए। केन्द्रीय विद्यालय सीएमएम जबलपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 68 रनों का लक्ष्य निर्धारित किया। जवाब में जीसीएफ क्रमांक-1 की टीम ने उत्कृष्ट बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य हासिल कर 9 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में केन्द्रीय विद्यालय जीसीएफ के मयूर ने सर्वाधिक 23 रन बनाए।
वहीं अंडर-17 वर्ग का पहला मुकाबला शुक्ला ग्राउंड में केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 छिंदवाड़ा और केन्द्रीय विद्यालय डिंडोरी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर केवी डिंडोरी ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 छिंदवाड़ा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 104 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए केन्द्रीय विद्यालय डिंडोरी की टीम सफल नहीं हो सकी और केवी नंबर-1 छिंदवाड़ा ने 55 रनों से जीत दर्ज की। इस मैच में छिंदवाड़ा के लक्ष्य कपाले ने 31 गेंदों में 46 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि डिंडोरी के शौर्य पटेल ने 4 विकेट लेकर बेहतरीन गेंदबाजी की। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के जोश और प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया। आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है।