नगर निगम ने बस स्टैंड और आसपास का अतिक्रमण हटाया
छिंदवाड़ा
05-Jun-25
छिंदवाड़ा
शहर को अतिक्रमण से मुक्त करने की घोषणा करने के बाद नगर निगम सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही कर रहा है। इस मुहिम के तहत गुरूवार को बस स्टैंड के आसपास का अतिक्रमण हटाया गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान कई बार विवाद की स्थिति बनते देख निगम आयुक्त ने खुद मामले को संज्ञान में लेकर समझाईश दी और अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान सीएसपी अपने वाहन से चक्कर लगाकर लगातार निगरानी रख रहे थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल भी इस दौरान था। 15 हजार स्क्वायर फीट से अधिक भूमि अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराई। मानसरोवर कॉम्पलेक्स के सामने से शुरू हुई कार्यवाही पुलिस पेट्रोल पंप के सामने से होते हुए यातायात थाने तक हुई। इस दौरान दुकानों के सामने रखकर जगह घेरते हुए हजारों के पाइप भी जब्त किए गए। इस कार्रवाई में नगर निगम की बड़ी टीम के साथ शहर के तीनों थानों की पुलिस फोर्स भी मौजूद रही। निगम आयुक्त सीपी राय स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते नजर आए।
14 जून तक चलेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान
नगर निगम ने 4 जून से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया था जो आगामी 14 जून तक चलेगा। इस दौरान शहर के व्यस्ततम मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने की योजना है जिससे यातायात और नागरिकों की सुविधा में सुधार हो सके।
सड़कों पर सुविधाजनक दौड़े वाहन
ईएलसी से स्टेडियम मैदान के चौक तक दोनों से हटाए गए अतिक्रमण से आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। दिन में कई बार लगने वाले जाम से तो राहत मिली ही साथ ही आने-जाने वाले वाहन चालकों को सड़कों पर वाहन चलाने में भी काफी सुविधा हुई। नगर निगम की इस कार्रवाई से दुकानदार जहां नाराज नजर आ रहे हैं तो वहीं शहर के नागरिकों ने इस मुहिम का समर्थन किया है।