नये विद्युत कनेक्शन देने में विद्युतकर्मी लगा रहे अड़ंगा : कांग्रेस
छिंदवाड़ा
14-Feb-26
विद्युत कंपनी के प्रावधानों की हो रही अवहेलना
छिन्दवाड़ा
म. प्र. पू. क्षे. वि. वि. कं. लि. नये विद्युत कनेक्शन के लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया का प्रावधान तो किया है। जिसके तहत दावा भी किया जाता है कि उपभोक्ता घर बैठे आवेदन कर सकता है किन्तु हकीकत में बिजली विभाग के दफ्तरों में नए कनेक्शन के लिए आवेदन देन का दबाव डाला जाता है। उपभोक्ताओं को नियमों व अन्य दस्तावेज के नाम पर प्रताड़ित किया जाता है। मकान के दस्तावेज व किराया नामा होने के बाद अलग से घरेलू कनेक्शन मांगने पर नियम कानून का हवाला दिया जाता है जिसके कारण उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।
कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मुकेश उपाध्याय व शहर कांग्रेस जन समस्या के अध्यक्ष राहुल दुबे ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वितरण कंपनी के नियमानुसार यदि कोई उपभोक्ता नया घरेलू कनेक्शन लेना चाहता है तो उसे केवल चार दस्तावेज मकान का स्वामित्व प्रमाण, आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं टेस्ट रिपोर्ट के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होता है, कंपनी के नियमों के मुताबिक़ तीन कार्य दिवस के भीतर बिजली कनेक्शन प्रदाय करना अनिवार्य है। तय प्रावधानों के विपरीत विभागीय अधिकारी व कर्मचारी कंपनी के नियमों को ताक पर रख कर उपभोक्ताओं को दफ़्तर के चक्कर लगवाकर कनेक्शन प्रदान करने में आनाकानी करते हैं।
अनावश्यक दस्तावेज मांग कर प्रक्रिया को जटिल बना देते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर लगाने पड़ते हैं। विभाग के कर्मचारियों द्वारा नियमों की अनदेखी कर आवेदनों को दबाकर रखा जाता है एवं उपभोक्ताओं को जबरन परेशान किया जाता है। उपभोक्ताओं के अधिकारों का सीधा उल्लघंन और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली मानसिकता का प्रतीक है।इस प्रवृत्ति पर रोक लगाते हुए उपभोक्ताओं को सहज व सरल प्रक्रिया के तहत कनेक्शन उपलब्ध कराए जाने चाहिए।