Home News Helpline Classified Jobs About Contact

संभाग प्रभारी डॉ. सोलंकी 9 से 12 अगस्त तक जिले के प्रवास पर

संभाग प्रभारी डॉ. सोलंकी 9 से 12 अगस्त तक जिले के प्रवास पर
राजनीति
08-Aug-26
बैठक लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की करेंगे समीक्षा 

छिंदवाड़ा

भाजपा संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी 9 से 12 अगस्त 2026 तक छिंदवाड़ा संभाग के प्रवास पर रहेंगे। अपने चार दिवसीय प्रवास के दौरान वे छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी एवं बालाघाट जिलों में जिला एवं मंडल स्तर की बैठकों में शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे तथा आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों की कार्ययोजना पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा करेंगे।

भाजपा संभाग कार्यालय प्रभारी भारत घई ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 अगस्त को पांढुर्णा में जिला बैठक आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे पांढुर्णा से बालाघाट के लिए प्रस्थान किया जाएगा। 10 अगस्त को प्रातः 11 बजे भाजपा कार्यालय बालाघाट में जिला बैठक होगी। इसके पश्चात दोपहर 3 से 5 बजे तक बैहर विधानसभा क्षेत्र के उकवा मंडल में मंडल बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद बालाघाट से सिवनी के लिए प्रस्थान होगा।

 उन्होंने बताया कि 11 अगस्त को सिवनी जिले के लखनादौन मंडल में दोपहर 12 से 1 बजे तक मंडल बैठक तथा दोपहर 2 से 4 बजे तक भाजपा कार्यालय लखनादौन में जिला बैठक आयोजित होगी। इसके बाद डॉ. सोलंकी छिंदवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे। 12 अगस्त को प्रातः 11 बजे भाजपा जिला कार्यालय छिंदवाड़ा में जिला बैठक आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 3 से 5 बजे तक जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के जुन्नारदेव नगर मंडल में मंडल बैठक होगी। इसके पश्चात प्रवास कार्यक्रम के अगले चरण के लिए प्रस्थान निर्धारित है।

 संगठन विस्तार एवं आगामी अभियानों पर होगी चर्चा 

भाजपा संभाग कार्यालय प्रभारी भारत घई ने बताया कि संभाग प्रभारी डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी के प्रवास के दौरान आयोजित बैठकों में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। जिला बैठकों में संत रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान की कार्ययोजना, ‘हर घर तिरंगादृतिरंगा यात्रा’ अभियान की कार्ययोजना, संगठनात्मक विषयों, मंडल विस्तार, शक्ति केंद्रों की टोली एवं विस्तार तथा बूथ समितियों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही ‘मन की बात’ कार्यक्रम की समीक्षा, पूर्व में आयोजित जिला, मंडल एवं शक्ति केंद्र की मासिक बैठकों की समीक्षा तथा अन्य स्थानीय एवं समसामयिक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी रहेंगे उपस्थित 

प्रवास के दौरान होने वाली मंडल बैठकों में जिला प्रभारी, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, विधायक एवं वर्ष 2023 के विधानसभा प्रत्याशी, विधानसभा क्षेत्र में निवासरत प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक, संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी तथा बैठक वाले मंडल के बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक सहित नगरीय निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद एवं सरपंच सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। जिला बैठक में जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक, वर्ष 2023 के विधानसभा प्रत्याशी, विधानसभा क्षेत्र में निवासरत प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष तथा प्रकोष्ठों के जिला संयोजक सहित अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी शामिल होंगे।

Share News On