जिला कांग्रेस शहर में चार स्थानों पर करेगी ध्वजारोहण
राजनीति
12-Aug-26
छिन्दवाड़ा

आजादी के महापर्व स्वतंत्रता दिवस पूर्ण हर्षाेल्लास के साथ मनाया जावेगा, इसकी सम्पूर्ण तैयारियां जिला कांग्रेस ने पूर्ण कर ली है। अंग्रेजों की गुलामी से देश को आजाद कराने में अपने प्राणों की आहूति देने वाले देश के वीर सपूतों, स्वतंत्रता सेनानियों को जिला कांग्रेस हृदय से नमन करेगी। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शहर के प्रमुख स्थलों पर ध्वजारोहण किया जावेगा।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्तागण शहर के मुख्य चार स्थानों पर ध्वजारोहण करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित स्थानों पर ध्वजारोहण किया जावेगा जिसमें कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ व अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित होकर आजादी का महापर्व मनायेंगे।
श्री ओकटे द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार सर्वप्रथम प्रातः 7.15 बजे राजीव कांग्रेस भवन में ध्वजारोहण किया जावेगा, तत्पश्चात प्रातः 7.30 बजे महात्मा गांधी चौक (फव्वारा चौक), नेहरू जी की प्रतिमा के समक्ष गोल गंज में प्रातः 7.45 बजे एवं प्रातः 8 बजे छोटी बाजार जय स्तम्भ के समीप जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ध्वजारोहण किया जावेगा। श्री ओकटे ने जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, समस्त विभाग एवं प्रकोष्ठ के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं सहित आमजन से अपील की है कि वे समय पूर्व ध्वजारोहण स्थल पर पहुंचे।