Home News Helpline Classified Jobs About Contact

नागद्वारी मेले में बिना परमिट दौड़ रही बस जब्त, चालक नशे में मिला

नागद्वारी मेले में बिना परमिट दौड़ रही बस जब्त, चालक नशे में मिला
छिंदवाड़ा
12-Aug-26
दमुआ पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप

जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा

नागद्वारी मेले के दौरान दमुआ से मेला क्षेत्र सहित ग्रामीण और शहरी मार्गों पर संचालित निजी बसों की जांच में दमुआ पुलिस ने एक बस को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार बस बिना परमिट, बीमा और फिटनेस के संचालित की जा रही थी। जांच के दौरान बस चालक के नशे में होने की भी बात सामने आई।

दमुआ थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम को निजी बसों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी और तेज गति से वाहन चलाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। एसडीओपी सोनम पाटिल के मार्गदर्शन में नागद्वारी मेले को देखते हुए पुलिस ने बसों की जांच शुरू की। इसी दौरान 10 अगस्त को निजी बस क्रमांक एमपी 48-पी 0316 को तेज गति से जाते हुए रोककर दस्तावेजों की जांच की गई।

बिना बीमा, परमिट और फिटनेस के चल रही थी बस

जांच के दौरान बस के दस्तावेजों की पड़ताल की गई, जिसमें पुलिस ने बस के बिना परमिट, बीमा और फिटनेस के संचालित होने की जानकारी दी। चालक के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई। पुलिस ने बस को मौके पर जब्त कर लिया।

पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों के संचालित होने वाले अन्य बस ऑपरेटरों में भी हड़कंप की स्थिति है। नागद्वारी मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस द्वारा वाहनों की जांच जारी रहने की संभावना है।

तेज रफ्तार पर भी पुलिस की नजर

दमुआ से मेला क्षेत्र की ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और यात्रियों की आवाजाही हो रही है। ऐसे में तेज गति और नशे में वाहन चलाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने और वैध दस्तावेजों के साथ ही यात्री वाहन संचालित करने की हिदायत दी है।
Share News On