किसानों को यूरिया नहीं सिर्फ आश्वासन दे रहे जिले के जिम्मेदार: चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह
छिंदवाड़ा
30-Jul-25
किसान कांग्रेस ने प्रशासन की वितरण प्रणाली पर लगाया प्रश्नचिन्ह
छिन्दवाड़ा
यूरिया खाद की किल्लत जिलेभर में जस की तस बनी हुई हैं। अधिकांश वितरण केन्द्रों पर लम्बी-लम्बी लाइनें इस बात की गवाह है कि जिले का सांसद और जिला कलेक्टर अन्नदाता को खाद की जगह सिर्फ कोरे आश्वासन दे रहे। चौरई, अमरवाड़ा, उमरानाला व मैनीखापा सहित सम्पूर्ण वितरण केन्द्रों पर लगातार बनी खाद की किल्लत पर किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र चौधरी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह बात कही।

पुष्पेन्द्र चौधरी ने कहा कि बरसते हुए पानी में किसान भीगते हुए रात्रि के दो बजे से खड़े हो रहे, किन्तु देर शाम तक भी उसे खाद नहीं मिल रही, इसके बाद भी भाजपा से प्रेरित होकर जिला कलेक्टर आंकड़ें प्रस्तुत कर कह रहे कि पर्याप्त मात्रा में खाद है, अगर है तो फिर लाइन किस बात के लिए लग रही? सवाल यह भी उठता है कि कलेक्टर और सांसद अगर सच बोल रहे तो फिर खाद गई कहां ? क्या सत्ता के संरक्षण में कालाबाजारी हो रही। श्री चौधरी ने आगे कहा कि अमरवाड़ा में रात्रि दो बजे से किसान खाद के लिए खड़े थे, दोपहर बाद एसडीएम व तहसीलदार पहुंचे और उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में किसानों को खाद की बजाए टोकन देकर अगली तारीख दे दी, अमरवाड़ा विधायक का कोरा झूठ सामने आ गया। इसके पूर्व भी यहां से केवल दो-दो बोरी खाद का वितरण किया गया जो नाकाफी है।
इसी प्रकार चौरई में भी किसानों को खाद की जगह टोकन के साथ अगली तारीख दी। मैनीखापा में भी यही हाल थे और उमरानाला चंद बोरी खाद का वितरण किया गया, जबकि दो हजार किसान खाद लेने के लिए इंतजार कर रहे। सहकारी सोसाइटियों से परमिट वाले किसानों को भी खाद नहीं दी गई। किसान नेता श्री चौधरी ने कहा कि सांसद, अमरवाड़ा विधायक व जिला कलेक्टर झूठ बोलकर किसानों को गुमराह कर रहे। खाद की कमी को दूर करने की बजाए इनके द्वारा आश्वासन दिए जा रहे जो कि निंदनीय है। भाजपा सरकार अविलम्ब समस्त सोसाइटियों से नकदी व परिमट पर किसानों को खाद उपलब्ध कराएं।