Home News Helpline Classified Jobs About Contact

आपदा मित्रों को दिया भूकंप पूर्व तैयारी का प्रशिक्षण

आपदा मित्रों को दिया भूकंप पूर्व तैयारी का प्रशिक्षण
छिंदवाड़ा
24-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा स्थानीय होमगार्ड परिसर में आपदा मित्रों के लिए 7 दिवसीय विशेष क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसी भी प्राकृतिक या मानव निर्मित आपदा के दौरान क्या करें और क्या न करें के संबंध में विस्तार से जानकारी देना तथा स्थानीय स्तर पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य हेतु वॉलिंटियर्स की क्षमताओं का विकास करना है।

कार्यक्रम का आयोजन होमगार्ड कमांडेंट स्नेहलता पाठ्या, सिविल डिफेंस के सब-डिविजन वार्डन तथा प्रोफेसर डॉ. अर्चना भार्गव की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर होमगार्ड कमांडेंट स्नेहलता पाठ्या ने आपदा प्रबंधन में समुदाय की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा, प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए शासन-प्रशासन अपने स्तर पर निरंतर कार्य कर रहा है, लेकिन संकट के समय सबसे पहली और प्राथमिक भूमिका स्थानीय समाज की होती है। इसलिए नागरिकों और स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन की सही जानकारी प्रदान करना हम सभी का दायित्व है।

प्रशिक्षण के दौरान रिसोर्स पर्सन ने विभिन्न प्रकार की आपदाओं और विशेषकर भूकंप पूर्व तैयारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पूर्व योजना बनाकर और सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करके आपदाओं के प्रभाव को कम किया जा सकता है। उन्होंने इसके लिए विभिन्न विशेष दलों जैसे सूचना एवं प्रसारण दल, खोज एवं बचाव दल, प्राथमिक चिकित्सा दल, राहत एवं नुकसान आकलन दल तथा भोजन एवं आवास व्यवस्था दल के गठन और उनके क्षमतावर्धन की जानकारी दी।

वहीं, डॉ. अर्चना भार्गव ने विद्यालयों एवं परिवारों में आपदा जागरूकता फैलाए जाने पर बल दिया। उन्होंने भारत में स्थित विभिन्न भूकंपीय ज़ोन, भूगर्भीय हलचलों के कारणों और भूकंप आने की स्थिति में जन-धन के नुकसान को न्यूनतम करने के उपायों को साझा किया। प्रशिक्षण में उपस्थित प्रतिभागियों को ध्वस्त संरचनाओं के बीच खोज एवं बचाव कार्य की बारीकियों से भी अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण सत्र के उपरांत एसडीआरएफ टीम के एएसआई वुदमान धुर्वे तथा सैनिक सुमित शर्मा, दीपेंद्र वरकड़े, राजा मर्शकोले और सचिन विश्वकर्मा द्वारा व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। उन्होंने भूकंप के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोग किए जाने वाले आधुनिक उपकरणों का परिचय दिया तथा उनके सही संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण आपदा मित्रों को प्रदान किया।
Share News On