जिला पंचायत में दिया गया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
छिंदवाड़ा
27-Mar-26
छिंदवाड़ा
आपदाओं के समय क्या करें और क्या न करें, इस संबंध में जानकारी प्रदान करने के लिये आज जिला पंचायत सभाकक्ष में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण छिंदवाड़ा के अध्यक्ष कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर रमेश कुमार मेहरा, होमगार्ड कमांडेंट सुश्री स्नेहलता पाठ्या, सिविल डिफेंस के सब डिवीजन वार्डन एवं रिसोर्स पर्सन श्यामल राव, प्रोफेसर डी.डी. विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में डब्ल्यूसीएल पेंच क्षेत्र के खदानों में रेस्क्यू कार्य में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों एवं कृषि उपज मंडी समिति के अधिकारियों-कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर होमगार्ड कमांडेंट सुश्री पाठ्या ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए शासन स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन आपदा के समय समाज की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसलिए आमजन को जागरूक करना आवश्यक है।
रिसोर्स पर्सन श्यामल राव ने आपदाओं के प्रकार एवं भूकंप से पूर्व तैयारी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आपदा पूर्व योजना बनाकर समुदाय की सहभागिता से सूचना एवं प्रसारण दल, खोज एवं बचाव दल, चिकित्सा दल, राहत एवं नुकसान आंकलन दल तथा भोजन एवं आवास दल का गठन किया जाना चाहिए। साथ ही विद्यालयों और परिवारों में भी भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देना आवश्यक है। प्रोफेसर डी.डी. विश्वकर्मा ने भूकंप आपदा जोखिम प्रबंधन, भूकंप जोन, भूगर्भीय गतिविधियों तथा जन-धन की हानि को कम करने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। डीएमआई भोपाल के रिसोर्स पर्सन श्री तुषार ने ऑनलाइन माध्यम से ध्वस्त संरचनाओं में खोज एवं बचाव कार्य की बारीकियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
प्रशिक्षण के बाद एसडीआरएफ के सैनिक सुमित शर्मा, दीपेंद्र वरकड़े, स्पर्श यादव, सचिन विश्वकर्मा द्वारा आग बुझाने एवं उससे बचाव के तरीकों के साथ-साथ उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन किया गया।