मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: विशेष ट्रेन 30 मार्च को होगी रवाना
छिंदवाड़ा
27-Mar-26
वाराणसी (काशी)-अयोध्या तीर्थ के दर्शन करेंगे श्रद्धालु
छिन्दवाडा
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले से चयनित तीर्थ यात्रियों को वाराणसी (काशी)-अयोध्या तीर्थ यात्रा पर भेजने के लिए 30 मार्च से 04 अप्रैल तक की समय-सारणी निर्धारित की गई है। योजना के तहत विशेष ट्रेन 30 मार्च 2026 सोमवार को प्रातः 09.30 बजे छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। इसके लिए चयनित तीर्थ यात्रियों की सूची संबंधित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों को पूर्व में उपलब्ध कराई जा चुकी है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी चयनित तीर्थ यात्रियों को 30 मार्च सोमवार को प्रातः 08.30 बजे तक छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन में उपस्थित कराना अनिवार्य होगा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा यात्रियों को स्टेशन तक लाने एवं विशेष ट्रेन में बैठाने की समस्त व्यवस्था एवं दायित्व आयुक्त नगर पालिक निगम छिन्दवाड़ा तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छिन्दवाड़ा को सौंपे गये हैं। इस कार्य के लिये संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा पर्याप्त कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से तैनात किया जाएगा, जो यात्रियों की गणना कर उन्हें ट्रेन में बैठाकर प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे।
डिप्टी कलेक्टर रमेश कुमार मेहरा ने बताया कि तीर्थ यात्रा पर जाने वाले सभी चयनित यात्रियों को अपने साथ यात्रा टिकट एवं फोटोयुक्त पहचान पत्र की मूल प्रति, जैसे आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र अथवा पैन कार्ड में से कोई एक, अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। नियत तिथि एवं समय पर विशेष ट्रेन छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन से वाराणसी (काशी)-अयोध्या तीर्थ यात्रा के लिये प्रस्थान करेगी। संबंधित अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि उनके क्षेत्र के सभी चयनित यात्रियों को ट्रेन के प्रस्थान स्थल, समय-सारणी एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी पूर्व से दे दी गई हो।