शोकाकुल परिवारजनों के बीच पहुंची कांग्रेस, 2 अप्रैल को मिलेंगे नकुलनाथ
छिंदवाड़ा
27-Mar-26
छिन्दवाड़ा
उमरानाला चौकी क्षेत्र के ग्राम चिखली के समीप हुई भीषण सड़क दुर्घटना में असमय जान गंवाने वालों के परिजनों का दुख, दर्द बांटने के लिए जिला कांग्रेस परिवार के सदस्यगण शोकाकुल परिवारजनों के बीच पहुंचे। शोक संतप्त परिवारजनों को संबल दिया और ढांढस बंधाया साथ ही पूर्णतः अश्वस्त भी कराया कि कांग्रेस उनके साथ हर-दुख, दर्द में हमेशा ही तरह आज भी खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी। कांग्रेस ने कहा कि सीएम के कार्यक्रम में लोगों को लाया गया था, जान चली गई और अब सीएम दिखावे की राजनीति कर रहे। प्रत्येक दिवंगत परिवार के सदस्यों को 1-1 करोड़ सहायता राशि व शासकीय नौकरी दी जाए।
प्रत्येक शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचा कांग्रेस परिवार
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, जामई विधायक सुनील उइके, चौरई विधायक सुजीत चौधरी, सौंसर विधायक विजय चौरे व पांढुर्ना विधायक निलेश उइके शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचे और अंतिम यात्रा में सम्मिलित हुए। मोहखेड़ ब्लॉक के ग्राम करेर निवासी 45 वर्षीय दिवंगत श्रीमती भागवती पति दानसिंग विश्वकर्मा, 45 वर्षीय श्रीमती सुकून पति लीकचंद यादव, श्रीमती सिया पति कृष्णा इनवाती 40, दौलत पिता फकीर फरकारे 40, रामदास पिता सुकलू पराने 40 सभी निवासी ग्राम करेर। मोहखेड़ ब्लॉक के ग्राम ग्वारी निवासी 57 वर्षीय रमेश पिता फागलाल उइके, ग्राम झिरिया निवासी रवि पिता इठोबा वानखेड़े, बिछुआ ब्लॉक के ग्राम झमटा निवासी 40 वर्षीय रवि पिता रतिराम धारे, अमरवाड़ा निवासी वर्तमान सोनपुर निवासी वंश पिता मोनू डेहरिया 7 वर्ष एवं कमल पिता संतलाल डेहरिया 54 वर्ष निवासी शिवनगर कॉलोनी पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे छिन्दवाड़ा के निवास पर पहुंचे।
कांग्रेस परिवार ने दी अनुग्रह राशि
कांग्रेस परिवार के सदस्यों ने शोकाकुल परिवारजनों के बीच पहुंचकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रत्येक दिवंगत परिवार को अनुग्रह राशि प्रदान की। कांग्रेस ने घायलों के परिवारजनों से भी भेंट कर उन्हें पूरी तरह आश्वस्त किया की इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। घायलों के इलाज में अगर लापरवाही बरती जाती है तो तत्काल कांग्रेस के किसी भी कार्यकर्ता अथवा पदाधिकारी से सम्पर्क कर सकते हैं। कांग्रेस परिवार आप सभी के साथ खड़ी नजर आएगी।
नकुलनाथ 2 अप्रैल को शोकाकुल परिवारजनों से मिलेंगे
2 अप्रैल को जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ सड़क दुर्घटना के शोकाकुल परिवारजनों के बीच पहुंचेंगे साथ ही समस्त घायलों से भेंट करेंगे। श्री मारूती नंदन सेवा समिति श्री सिद्धेश्वर सिमरिया हनुमान मंदिर छिन्दवाड़ा के तत्वावधान में विभिन्न आयोजन किए जाते थे। किन्तु गत दिवस हुई दुर्घटना में 10 परिवारों पर दुख का पहाड़ टूटा है। इन विषम व दुखद परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि श्री हनुमान जन्मोत्सव का कार्यक्रम सादगी से मनाया जाएगा। उक्त जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे द्वारा दी गई है।