Home News Helpline Classified Jobs About Contact

प्रशासनिक अधिकारियों और नेताओं से ग्रामीणों का सीधा संवाद

प्रशासनिक अधिकारियों और नेताओं से ग्रामीणों का सीधा संवाद
छिंदवाड़ा
11-Sep-26
भाजपा नेताओं के साथ कलेक्टर ने सुसरई में लगाया मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर

छिन्दवाडा 

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत पांचवे शुक्रवार 11 सितंबर 2026 को जिले के सभी जिला स्तरीय, अनुविभागीय एवं खण्डस्तरीय अधिकारी फील्ड पर पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर हरेंद्र नारायन शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की टीम के साथ ब्लॉक छिंदवाड़ा के सुसरई और आस - पास के ग्रामों में पहुंचे। 

कलेक्टर श्री नारायन ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध जन सुविधाओं, व्यवस्थाओं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संस्थाओं के दैनिक संचालन, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा अभिलेखों के संधारण के संबंध में भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा - निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, सीईओ जनपद पंचायत छिंदवाड़ा श्रीमती स्वाती सिंह सहित ब्लॉक स्तरीय अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की प्रशंसा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आंगनबाड़ी केंद्र अतरवाड़ा का औचक निरीक्षण किया और पोषण आहार एवं केन्द्र संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सहज संवाद किया और अक्षर ज्ञान, भाषा ज्ञान, अंक ज्ञान सहित मूलभूत प्रश्न पूछे। प्रश्नों के जवाब नन्हें बच्चों ने भी बड़े ही उत्साह और बेबाकी से दिए, बच्चों का आधारभूत शैक्षणिक स्तर अच्छा पाए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने प्रसन्नता जाहिर की और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के प्रयासों की सराहना की। केंद्र में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सूची भी प्रदर्शित पाई गई, कलेक्टर श्री नारायन ने और बेहतर मॉनिटरिंग के लिए नाम के साथ ही गर्भवती महिला की एक्सपेक्टेड डेट ऑफ डिलीवरी, एएनसी जांचों जानकारी आदि के कॉलम भी जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण माह की तैयारी भी देखी। निरीक्षण के दौरान एसपी श्री पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री ब्रजेश शिवहरे और परियोजना अधिकारी भी मौजूद थे।

राशन दुकान एवं सहकारी समिति भानादेई का निरीक्षण 

कलेक्टर श्री नारायन ने फील्ड भ्रमण के दौरान शासकीय उचित मूल्य दुकान भानादेई का औचक निरीक्षण कर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दुकान पर उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक, वितरण प्रक्रिया तथा हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परिसर में ही संचालित सहकारी समिति का भी निरीक्षण किया और गोदाम में खाद की उपलब्धता देखी। उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की और सभी किसानों को पात्रता अनुरूप समय पर एवं सुचारू रूप से खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषकों को मिट्टी परीक्षण के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी कर्मचारियों को दिए, जिससे उनकी मिट्टी की आवश्यता के अनुरूप संबंधित उर्वरक का उपयोग करने के लिए किसान जागरूक हो सकें। निरीक्षण के दौरान सहायक आपूर्ति अधिकारी, उचित मूल्य दुकान विक्रेता सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

मेडिकल ऑफिसर को मुख्यालय में रहने दिए निर्देश

कलेक्टर श्री नारायन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरईकला का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, ओपीडी कक्ष, स्टोर रूम, टीकाकरण कक्ष, दवा वितरण कक्ष आदि का निरीक्षण किया और एंटी स्नेक वेनम उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री नारायन ने केंद्र के मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुदीश नागवंशी को मुख्यालय में निवास करने और केंद्र में रात में आने वाले मरीजों के लिए भी ऑन कॉल उपलब्ध रहने के निर्देश दिए। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के केस उच्च स्तर पर रेफर करते समय हाई रिस्क होने का विशेष कारण उल्लेखित करते हुए ही रेफर करें और समुचित समन्वय कर मरीज को भेजें, जिससे वरिष्ठ डॉक्टर मरीज का त्वरित रूप से प्रबंधन कर सकें।

ठेकेदार को लगाई फटकार

इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरई कला और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के नव निर्मित भवन का भी निरीक्षण किया एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता देखी। फिनिशिंग वर्क में कमियां पाए जाने पर ठेकेदार पर नाराजगी जाहिर की और भवन हैंडओवर करने से पहले सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शेषराव यादव एवं अजय सक्सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे और एसपी श्री पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार, बीएमओ छिंदवाड़ा डॉ. पुष्पा रानी सिंह, एम.ओ. डॉ. नागवंशी सहित स्वास्थ्य केंद्र के नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

सुसरई में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं 

निरीक्षण के बाद कलेक्टर श्री नारायन सभी अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत सुसरई में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में पहुंचे और समक्ष में एक - एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्र की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। शिकायतकर्ता महेंद्र द्वारा बताया गया कि पशु चिकित्सक समय पर पशु चिकित्सालय नहीं आते, साथ ही उनके द्वारा पशुओं का इलाज सही ढंग से नहीं किया जाता है। इस पर कलेक्टर श्री नारायन द्वारा संबंधित डॉक्टर के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

छिंदवाडा के पीजी कॉलेज प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस

इसी प्रकार एक अन्य शिकायत में शिकायतकर्ता प्रिंस वर्मा ने बताया कि वह शासकीय पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में तृतीय वर्ष में अध्ययनरत है, उनकी तृतीय वर्ष की छात्रवृत्ति उन्हें अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, साथ ही उनके सीनियर्स की तुलना में उन्हें कम छात्रवृत्ति पिछले 2 वर्षों से प्राप्त हुई है। इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने इसे लापरवाही मानते हुए प्रिंसिपल शासकीय पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा को कारण बताओ नोटिस जारी करने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। एक अन्य शिकायत में ग्राम भैंसादंड के ग्रामीण श्री सीताराम यादव की रास्ता विवाद की समस्या पर कलेक्टर श्री नारायन द्वारा संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम उभेगांव में ग्रामीणों द्वारा नल कनेक्शन कार्य रुकने की शिकायत की गई । ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि एक व्यक्ति द्वारा नल कनेक्शन देने में कार्य करने से रोका जा रहा है, इस पर कलेक्टर श्री नारायन द्वारा संबंधित इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, साथ ही कार्य पुनः शुरू करने के लिए भी आदेशित किया ।

इसी तरह उन्होंने अन्य समस्याएं सुनी और सम्बंधित अधिकारियों को तत्परता से आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। कई समस्याओं का मौके पर भी निराकरण किया गया। इस दौरान शेषराव यादव, अजय सक्सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, सीईओ जनपद पंचायत छिंदवाड़ा श्रीमती स्वाती सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, छिंदवाड़ा अनुविभाग के अनुविभाग स्तरीय अधिकारी, छिंदवाड़ा जनपद के खंड स्तरीय अधिकारी एवं सुसरई, पिंडरई कला, अतरवाड़ा, पुलपुलडोह, उभेगांव सहित आसपास के ग्रामों के स्थानीय कर्मचारी और लगभग 400 ग्रामीण उपस्थित थे।
Share News On